Redington Shares: रेडिंगटन लिमिटेड के शेयरों में आज 17 मार्च को तेज गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 5 प्रतिशत तक टूटकर 221 रुपये के स्तर पर आ गए। यह गिरावट इस जानकारी के बाद आई कि ईरान-अमेरिका जंग के चलते गल्फ रीजन में उसका कारोबार प्रभावित हो रहा है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी जानकारी में बताया कि उसकी स्टेप-डाउन सब्सिडियरी Redington Gulf FZE ने सूचित किया है कि मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते इस इलाके में कारोबार सीमित तरीके से संचालित किया जा रहा है।
इसके चलते ग्राहकों की ओर से भुगतान में देरी की मांग भी बढ़ी है। इससे कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतें बढ़ गई हैं। कंपनी ने कहा कि मौजूदा स्थिति में पूंजी संरक्षण (capital preservation) पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
रेडिंगटन ने यह भी बताया कि मौजूदा हालात के कारण फ्रेट, इंश्योरेंस और लॉजिस्टिक्स लागत में तेजी आई है। इसके अलावा कई बीमा कंपनियों ने युद्ध जोखिम कवर को वापस ले लिया है, जिससे जोखिम और बढ़ गया है। हालांकि कंपनी ने कहा कि वह वैकल्पिक व्यवस्था तलाश रही है ताकि कारोबार पर असर को कम किया जा सके।
असर का अनुमान लगाना मुश्किल
कंपनी ने साफ किया कि अभी इस स्थिति का वित्तीय प्रभाव कितना होगा, इसका सटीक आकलन करना संभव नहीं है। यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि मौजूदा संकट कितने समय तक और किस तीव्रता के साथ जारी रहता है। कंपनी ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और समय-समय पर निवेशकों को अपडेट देती रहेगी।
सुरक्षा और संचालन पर ध्यान
रेडिंगटन ने प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए हैं और बिजनेस कंटिन्युटी प्लान को सक्रिय किया है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह सभी अंतरराष्ट्रीय नियमों, व्यापार प्रतिबंधों और प्रतिबंधों का पूरी तरह पालन कर रही है।
कंपनी के अनुसार तीसरी तिमाही में उसका ग्लोबल बिजनेस सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़ा और कुल राजस्व में इसकी हिस्सेदारी 46 प्रतिशत रही। हालांकि पश्चिम एशिया से मिलने वाले रेवेन्यू का सटीक आंकड़ा साझा नहीं किया गया है।
बता दें कि रेडिंगटन देश में एपल (Apple) के बड़े वेंडर्स में से एक है, और उसके कुल कारोबार का लगभग एक-तिहाई हिस्सा iPhone निर्माता से आता है। इसके अलावा यह सैमसंग, डेल, एचपी, लेनोवो और दूसरी कंपनियों के लिए भी वेंडर के तौर पर काम करती है।
मंगलवार के कारोबार में रेडिंगटन का शेयर करीब 5.1 प्रतिशत गिरकर 221.1 रुपये पर कारोबार करता दिखा। पिछले एक महीने में यह शेयर लगभग 10 प्रतिशत टूट चुका है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।