Rekha Jhunjhunwala Portfolio: रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल बाजार स्टाइल रिटेल (Baazar Style Retail) का शेयर मौजूदा लेवल से 76 फीसदी से भी अधिक ऊपर जा सकता है। ऐसा जेएम फाइनेशियल और नुवामा प्रोफेशनल क्लाइंट्स ग्रुप के एनालिस्ट्स का मानना है। नुवामा का कहना है कि पूर्वी भारत में सबसे तेजी से बढ़े रिटेल प्लेयर्स में से एक बाजार स्टाइल भी है और बेटर स्टोर इकनॉमिक्स, हर साल 40-50 स्टोर खोलने की आक्रामक ग्रोथ प्लान और बड़े मौके की संभावना को देखते हुए इसके वैल्यूएशन की फिर से रेटिंग करनी पड़ सकती है। इस वजह से नुवामा ने इसमें पैसे लगाने की सलाह दी है और खरीदारी की रेटिंग दी है। इसके अलावा जेएम फाइनेंशियल ने भी खरीदारी की रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है।
किस भाव तक जाएगा Baazar Style Retail का शेयर?
400 रुपये के टारगेट प्राइस के हिसाब से बाजार स्टाइल रिटेल का शेयर मौजूदा लेवल से 76 फीसदी से अधिक ऊपर जा सकता है। जेएम फाइनेंशियल ने इसका टारगेट प्राइस 400 रुपये और नुवामा ने 388 रुपये फिक्स किया है। एक कारोबारी दिन पहले यानी 27 मार्च को इसका शेयर बीएसई पर 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 226.50 रुपये पर बंद हुआ था। इसके 389 रुपये के शेयर पिछले साल 6 सितंबर 2024 को मार्केट में लिस्ट हुए थे। पिछले साल 6 सितंबर 2024 यानी लिस्टिंग के दिन ही यह 430.95 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर गया था और इस लेवल से 6 महीने से भी कम समय में यह करीब 58 फीसदी टूटकर पिछले महीने 18 फरवरी 2025 को 181.30 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इस निचले स्तर से यह करीब 25 फीसदी रिकवर हो चुका है लेकिन अब भी रिकॉर्ड हाई से 47 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है। ब्रोकरेज के टारगेट प्राइस के हिसाब से तो एक साल में भी यह इस हाई को फिर छू नहीं पाएगा।
Rekha Jhunjhunwala की कितनी है हिस्सेदारी?
नुवामा की रिपोर्ट के मुताबिक बाजार स्टाइल रिटेल के स्टोर्स की संख्या ईस्टर्न इंडिया में रॉकेट की स्पीड से बढ़ रही है जोकि वित्त वर्ष 2014 में महज दो से अब 213 आउटलेट्स तक पहुंच चुकी है। नुवामा को उम्मीद है कि बाजार स्टाइल वित्त वर्ष 2026 में 43 और वित्त वर्ष 2027 में 50 नए स्टोर खोलेगी। सिर्फ स्टोर्स की संख्या ही नहीं बढ़ रही है बल्कि प्रति स्क्वायर फुट इसका रेवेन्यू भी वित्त वर्ष 2021 से वित्त वर्ष 2025 के बीच सालाना 31 फीसदी की चक्रवृद्धि रफ्तार से बढ़ा है। अब आगे वित्त वर्ष 2025-27 में रेवेन्यू के सावाना 29 फीसदी के सीएजीआर से बढ़ने का अनुमान है। रेखा झुनझुनवाला की बात करें तो दिसंबर 2024 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के हिसाब से उनकी कंपनी में 3.65 फीसदी हिस्सेदारी है।
जेएम फाइनेंशियल की बात करें तो इसे उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2024-27 के बीच कंपनी का रेवेन्यू सालाना 30 फीसदी, ऑपरेटिंग प्रॉफिट 36 फीसदी और नेट प्रॉफिट 50 फीसदी की चक्रवृद्धि रफ्तार से बढ़ सकता है। इसके अलावा प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार और वर्किंग कैपिटल डेज में गिरावट से RoE (रिटर्न ऑन कैपिटल) भी वित्त वर्ष में 14 फीसदी से सुधरकर वित्त वर्ष 2027 तक 22 फीसदी पर पहुंच सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।