रिलैक्सो फुटवियर्स के शेयरहोल्डर 25 जून को जबरदस्त फायदे में हैं। शेयर दिन में BSE पर 14.47 प्रतिशत तक की बंपर बढ़त के साथ 421.95 रुपये के हाई तक गया। बंपर खरीद से कंपनी का मार्केट कैप 10100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। खरीद बढ़ने की अलग से कोई खास वजह सामने नहीं आई है। रिलैक्सो, स्पार्क्स, फ्लाइट और बहामास, रिलैक्सो के ब्रांड हैं। कंपनी स्लिपर, सैंडल और स्पोर्ट्स व कैजुअल शूज बनाती है।
Relaxo, रबर स्लिपर के लिए एक जाना-माना ब्रांड है। Flite फैशनेबल और सेमी-फॉर्मल स्लिपर्स की पेशकश करता है। Sparx स्पोर्ट्स शूज, सैंडल व स्लिपर्स की पेशकश करता है। Bahamas कैजुअल फ्लिप-फ्लॉप की रंग-बिरंगी रेंज की पेशकश करता है।
शेयर 3 महीनों में 50 प्रतिशत मजबूत
शेयर एक महीने में 36 प्रतिशत और 3 महीनों में 50 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71.27 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। रिलैक्सो फुटवियर्स 1984 में इनकॉरपोरेट हुई थी और इसका दावा है कि यह देश में फुटवियर बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। Relaxo ने वित्त वर्ष 2026 के लिए शेयरहोल्डर्स को 3.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। रिकॉर्ड डेट 18 सितंबर 2026 है।
इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। रिलैक्सो ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 3 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।
मार्च तिमाही में मुनाफा 20 प्रतिशत बढ़ा
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में रिलैक्सो फुटवियर्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 67.67 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 56.22 करोड़ रुपये से 20 प्रतिशत ज्यादा है। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 8 प्रतिशत बढ़कर 751.10 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 695.15 करोड़ रुपये था। खर्च 671.98 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 627.88 करोड़ रुपये के थे। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2702.16 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 179.27 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।