Reliance Retail Q2 Results: रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) ने अपने कुल आय (ग्रॉस रेवेन्यू) में सालाना आधार पर 6.4 फीसदी की बढ़त दर्ज की है। जुलाई-सितंबर तिमाही (दूसरी तिमाही) में कंपनी की कुल आय 91,716 करोड़ रुपये रही है। इस आंकड़े में 'कंज्यूमर ब्रांड्स' कारोबार के अलग होने (डीमर्जर) के असर को एडजस्ट किया गया है। इस बार त्योहारों का सीजन खिसककर दिसंबर तिमाही में आ गया था। इसके चलते भी कंपनी के प्रदर्शन पर असर पड़ा है।
एक बार लगने वाले इम्पेयरमेंट चार्ज से पहले, EBITDA 6,228 करोड़ रुपये रहा। मार्जिन 7.8 प्रतिशत पर रहा। मार्जिन में 120 बेसिस पॉइंट की गिरावट के पीछे कई कारण रहे। इसमें त्योहारी सीजन का समय में बदलाव, लागत में बढ़ोतरी का असर और बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) तथा डिजिटल कॉमर्स ऑपरेशंस को बढ़ाने के लिए लगातार किया जा रहा निवेश शामिल हैं।
रिलायंस रिटेल ने इस तिमाही में 303 स्टोर खोले
रिलायंस रिटेल ने इस तिमाही के दौरान 303 स्टोर खोले, जिससे इसके कुल स्टोरों की संख्या 19,947 हो गई। इसका ऑपरेटिंग एरिया 77.5 मिलियन वर्ग फुट रहा। बड़े त्योहारों के तीसरी तिमाही में खिसक जाने के बावजूद, सालाना आधार पर ट्रांजैक्शन में 7 प्रतिशत की बढ़त हुई।
किराना सेगमेंट में 'लाइक-फॉर-लाइक' ग्रोथ 3% रही
किराना सेगमेंट में 'लाइक-फॉर-लाइक' ग्रोथ 3 प्रतिशत रही। इस अवधि में कंपनी ने AI-आधारित ऑर्डरिंग सुविधा के साथ अपना 'स्मार्ट 2.0' फॉर्मेट लॉन्च किया। दूसरी तिमाही में बिजनेस-टू-बिजनेस रेवेन्यू में 10 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिली। जियोमार्ट (JioMart) के रेवेन्यू में 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसका मुख्य कारण प्रति ऑर्डर औसत वैल्यू का बढ़ना और प्रति ऑर्डर यूनिट्स की संख्या में 24 प्रतिशत की बढ़त होना रहा। जियोमार्ट नेटवर्क 1,000 से ज्यादा शहरों में फैलकर 5,000 से ज्यादा स्टोर्स तक पहुंच गया है।
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में भी दिखी अच्छी ग्रोथ
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट ने मोबाइल, लैपटॉप और आईटी उपकरणों और दूसरे अप्लायंसेज के दम पर 8 फीसदी की लाइक-फॉर-लाइक ग्रोथ दर्ज की है। फैशन और लाइफ स्टाइल में 3 प्रतिशत की लाइक-फॉर-लाइक ग्रोथ देखने को मिली है। जबकि AJIO की लिस्ट में 23 फीसदी की बढ़त के साथ 33 लाख विकल्प हो गए है। रिलायंस रिटेल ने फ़ेबलटिक्स भी लॉन्च किया और SKIMS के साथ एक खास करार भी किया है।
परिणामों पर टिप्पणी करते हुए,रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, मुकेश डी. अंबानी ने कहा "यह सप्ताह रिलायंस की वैल्यू क्रिएशन यात्रा में एक ऐतिहासिक हफ्ता रहा, जिसमें जियो की भारतीय शेयर बाजारों में रिकॉर्ड-तोड़ लिस्टिंग हुई। 22 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन और लिस्टिंग के बाद शेयर की कीमत में शानदार उछाल के साथ, इस इश्यू ने कई ग्लोबल मानक स्थापित किए हैं। जेपीएल (JPL) अब भारत की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। यह दिखाता है कि निवेशकों को जियो की मजबूत नींव और विकास की प्रबल संभावनाओं पर कितना गहरा भरोसा है। मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं 'इक्विटी कल्चर' को फिर से फलते-फूलते देख रहा हूं, जिसकी शुरुआत हमारे संस्थापक-चेयरमैन ने 1977 में रिलायंस के आईपीओ (IPO) के समय की थी।”
रिलायंस रिटेल के लिए यह तिमाही मजबूत रही। इसके सभी फॉर्मेट और चैनल में ग्रोथ बनी रही। कंज्यूमर डिमांड अच्छी रही,जिसे हमारी बड़ी फिजिकल और डिजिटल मौजूदगी और भारतीय कंज्यूमर की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने पर हमारे लगातार फोकस से सपोर्ट मिला। हमारे कंज्यूमर प्रोडक्ट्स बिजनेस ने अपनी ग्रोथ की रफ़्तार बनाए रखी और FMCG ब्रांड पोर्टफोलियो ने भारतीय कंज्यूमर के बीच और जगह बनाई। हमारे डिसिप्लिन्ड कैपिटल एलोकेशन ने ऐसे बिजनेस बनाने में मदद की है जो सस्टेनेबल कैश-फ्लो देते हैं और और जो भारत की ऊर्जा अत्मनिर्भरता और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।”
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)