Vodafone Idea Share Price: वोडाफोन आइडिया के बकाया स्पेक्ट्रम रकम को केंद्र सरकार द्वारा इक्विटी शेयरों में बदलने पर प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इससे 1 अप्रैल को शेयरों में 20 प्रतिशत से अधिक की तेजी नजर आई। सरकार के इस फैसले से वोडा आइडिया में सरकार की हिस्सेदारी 22.6 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 49 प्रतिशत होने की उम्मीद है। वोडाफोन आइडिया 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 3,695 करोड़ इक्विटी शेयर जारी करेगी। इससे वोडा आइडिया पर बकाया कर्ज कम होने की उम्मीद है। सरकार द्वारा उठाये गये इस कदम के बाद कई ब्रोकरेज ने शेयर पर तेजी की उम्मीद जताई है।
नोमुरा ने कहा कि सरकार का यह फैसला वोडाफोन आइडिया के लिए 'महत्वपूर्ण रूप से सकारात्मक है क्योंकि इससे टेलीकॉम ऑपरेटर की पुनर्भुगतान संबंधी चिंताओं में कमी आई है। इससे भविष्य में किसी भी ऋण वृद्धि के लिए संभावनाएं बेहतर हुई हैं। नोट में कहा गया है, "हम देखते हैं कि VIL को वित्त वर्ष 26-28 के दौरान स्पेक्ट्रम बकाया के रूप में 61,000 करोड़ रुपये का भुगतान करना था। लेकिन सरकार के एक्शन के बाद, इस अवधि में बकाया राशि घटकर लगभग 20,000 करोड़ रुपये रह गई है।"
ब्रोकरेज ने स्टॉक पर अपनी 'खरीदें' रेटिंग भी बनाए रखी। लेकिन लक्ष्य को पहले के 12 रुपये प्रति शेयर से घटाकर 10 रुपये प्रति शेयर कर दिया।
एम्बिट कैपिटल ने कहा कि स्पेक्ट्रम बकाया को इक्विटी में बदलने से वोडाफोन आइडिया को 'लाइफलाइन' मिल गई है क्योंकि इससे कंपनी को 25,000 करोड़ रुपये के कर्ज भुगतान के लिए फंड प्राप्त करने में मदद मिली है। इससे वोडा आइडिया की वित्त वर्ष 2025-28 के लिए लक्षित 50,000 करोड़ रुपये से 55,000 करोड़ रुपये के कैपेक्स को पूरा करने और ग्राहकों को बनाए रखने की क्षमता और बढ़ जाती है। ब्रोकरेज ने आगे कहा कि "कैपेक्स को बनाए रखने, भविष्य में स्पेक्ट्रम/एजीआर भुगतान को बेहतर बनाने और तीन-निजी खिलाड़ी इंडस्ट्री के प्रारूप को बनाए रखने के लिए इसे लगातार टैरिफ बढ़ोतरी की आवश्यकता है"।
ब्रोकरेज ने 15 रुपये प्रति शेयर के लक्ष्य मूल्य के साथ स्टॉक पर 'खरीदें' रेटिंग बरकरार रखी है। इसका मतलब है कि स्टॉक के पिछले बंद भाव से 120 प्रतिशत से अधिक की बढ़त की संभावना है।
अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज फर्म सिटी रिसर्च ने शेयर पर 'खरीदें' की रेटिंग बनाए रखी है, जबकि प्रति शेयर 12 रुपये का लक्ष्य मूल्य रखा है, जिसका अर्थ है कि पिछले बंद भाव से लगभग 76 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है।
सिटी ने कहा कि वोडाफोन आइडिया पर तत्काल वित्तीय बोझ कम हो गया है, लेकिन दूरसंचार कंपनी को अपने 4G और 5G नेटवर्क का विस्तार करने के लिए नए फंड जुटाने में अभी भी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
मोतीलाल ओसवाल ने सरकार के इस एक्शन को वोडाफोन आइडिया के लिए 'मध्यम अवधि में महत्वपूर्ण रूप से सकारात्मक' बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि "इसके ग्राहकों की संख्या का स्थिरीकरण, लंबे समय से लंबित ऋण वृद्धि, और एजीआर बकाया पर आगे की राहत Vodafone Idea के दीर्घकालिक अस्तित्व के लिए महत्वपूर्ण है।"
ब्रोकरेज ने कहा कि भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में 3+1 बाजार संरचना को बनाए रखने के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता और वीआई की कैश फ्लो बाधा को कम करना भी इंडस टावर्स के लिए सकारात्मक है।
मोतीलाल ओसवाल ने कहा, "वीआई एक हाई रिस्क हाई रिवार्ड वाला खेल बना हुआ है। हम अपने लक्ष्य मूल्य को 5 रुपये से बढ़ाकर 6.5 रुपये प्रति शेयर कर रहे है। ये राय प्रीमियम पर भारत सरकार के इक्विटी कनवर्जन द्वारा प्रेरित है।" हालांकि, नवीनतम लक्ष्य मूल्य वर्तमान बाजार मूल्य में गिरावट का संकेत दे रहा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)