Reliance AGM : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने 29 अगस्त को कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज दुनिया की टॉप 30 वैल्यूएबल कंपनियों में शामिल होगी। 47वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में अंबानी ने कहा, "अगले दो दशकों में हम दुनिया की शीर्ष 50 सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में शामिल हो गए। डीप-टेक और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग को रणनीतिक रूप से अपनाने के साथ, मैं स्पष्ट रूप से देख सकता हूं कि रिलायंस निकट भविष्य में शीर्ष 30 कंपनियों की सूची में शामिल हो जाएगी।"
मार्केट वैल्यू के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी कंपनी आरआईएल ने यह भी एलान किया है कि वह 5 सितंबर को होने वाली अपनी बोर्ड मीटिंग में 1:1 बोनस शेयर जारी करने पर विचार करेगी। मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला यह कारोबारी समूह मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और कारोबार के विस्तार के बीच अपने शेयरधारकों को पुरस्कृत करना चाहता है।
मुकेश अंबानी ने आज के अपने संबोधन में कहा कि आरआईएल के लिए, भारत के लिए वैल्यू क्रिएट करना और शेयरधारकों के लिए वैल्यू क्रिएट करना एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हमने अपने प्रत्येक कारोबार को शुरुआती स्तर से शुरू किया है और उन्हें वैश्विक स्तर पर ले गए हैं। रिलायंस दुनिया की शीर्ष 50 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से एक है। जुलाई 2018 में, रिलायंस ने 100 अरब डॉलर का मार्केट कैप हासिल किया था। सिर्फ़ 6 वर्षों में, हम 250 अरब डॉलर के वैल्यू को पार करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गए हैं। कंपनी तीन इंजनों का वैल्यूएशन 100 अरब डॉलर से अधिक है।
उन्होंने आगे कहा कि जियो और रिलांस रिटेल को 3-4 वर्षों में अपने राजस्व और EBITDA को दोगुना करने की उम्मीद है। कंपनी के मीडिया व्यवसाय में अपार ग्रोथ की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। हमारा न्यू एनर्जी बिजनेस रिलायंस के मुकुट का नया रत्न होगा। न्यू एनर्जी बिजनेस अगले 5-7 वर्षों में बड़ा और लाभदायक बन जाएगा। हरित ईंधन और AI-आधारित सॉल्यूशन दीर्घकालिक विकास इंजन बन जाएंगे। हम अगले 5-7 वर्षों में आकार में दोगुना से अधिक होने की दिशा में अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे हैं। इस दशक का अंत तक यह लक्ष्य हासिल हो जाएगा।
डिस्क्लोजर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 ग्रुप का नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।