Ruchi Soya FPO: दूसरे दिन तक 24% सब्सक्राइब हुआ इश्यू, बाबा रामदेव की कंपनी में निवेशकों की दिलचस्पी कम

Ruchi Soya FPO: इस इश्यू में शेयर मार्केट प्राइस से कम भाव पर मिल रहे हैं लिहाजा एनालिस्ट्स इसे लेकर उत्साहित थे लेकिन निवेशक कंपनी पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं

अपडेटेड Mar 28, 2022 पर 12:16 PM
बाबा रामदेव की कंपनी में निवेशक नहीं ले रहे हैं दिलचस्पी

रुचि सोया के FPO को दूसरे दिन भी निवेशकों की कमजोर प्रतिक्रिया मिली है। निवेशकों की दिलचस्पी कम होने के कारण यह दो दिन खत्म होने का बावजूद 100% सब्सक्राइब नहीं हो पाया है। कंपनी का इश्यू 24 मार्च को खुला था। 25 मार्च तक कंपनी का इश्यू सिर्फ 24% सब्सक्राइब हो पाया है। FPO के तहत कंपनी ने 4,89,46,260 शेयर ऑफर किए थे जबकि अब तक सिर्फ 1,19,79,975 शेयरों के लिए बोली लग पाई है।

रुचि सोया में पतंजलि की 98.9% हिस्सेदारी है। इस इश्यू के बाद पतंजलि की शेयर होल्डिंग घटकर 81% रह जाएगी। सेबी के मिनिमम शेयरहोल्डिंग से जुड़े नियम को पूरा करने के लिए पतंजलि को शेयर होल्डिंग घटाकर 75% पर लाने की जरूरत है।

एनालिस्ट चुस्त, निवेशक सुस्त


रुचि सोया के FPO में शेयरों की कीमत इसके मार्केट प्राइस से बहुत कम है। लिहाजा एनालिस्ट इस इश्यू को लेकर बहुत उत्साहित थे। हालांकि निवेशक बाबा की कंपनी पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।

कंपनी इश्यू से जुटाए फंड का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और अपनी बैलेंस शीट मजबूत करने में करेगी।

28 मार्च तक कर सकते हैं इनवेस्ट

रुचि सोया (Ruchi Soya) इनवेस्टर्स को सस्ते भाव पर शेयर खरीदने का मौका दे रही है। कंपनी के फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) में 28 मार्च तक इनवेस्ट किया जा सकता है। रुचि सोया योग गुरु बाबा रामदेव (Baba Ramdev) की पतंजलि समूह (Patanjali) की कंपनी है।

कर्मचारियों ने दिखाई ज्यादा दिलचस्पी

एफपीओ के दूसरे दिन सुबह तक रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 26 फीसदी तक भरा था। कंपनी के कर्मचारियों के लिए तय कोटा 2.59 गुना सब्सक्राइब्ड हुआ। क्वालिफायड इंस्टीट्यूशनल बायर्स और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने भी बोली लगानी शुरू कर दी है। इनके लिए तय कोटा क्रमश: 1 फीसदी और 5 फीसदी भरा है।

यह भी पढ़ें : राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में शामिल यह होटल स्टॉक ब्रेकआउट के कगार पर, क्या है आपके पास

615 से 650 रुपये है प्राइस बैंड

रुचि सोया इस ऑफर के जरिए 4300 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है। इसमें से 1,290 करोड़ रुपये उसने एंकर इनवेस्टर्स से जुटा लिए हैं। कंपनी ने प्रति शेयर 615 से 650 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। शुक्रवार को 12:30 बजे रुचि सोया के शेयर का प्राइस 875 रुपये चल रहा था। इस तरह कंपनी 26 फीसदी डिस्काउंट पर इनवेस्टर्स को अपने शेयर खरीदने का मौका दे रही है।

कम से कम 13,650 रुपये निवेश करने होंगे

इस FPO में इनवेस्ट करने के लिए आपको कम से कम 21 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर आपको कम से कम 13,650 रुपये का इनवेस्टमेंट इस एफपीओ में करना होगा। आप चाहे तो 21 के मल्टीपल में ज्यादा शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं।

एफपीओ का मकसद प्रमोटर हिस्सेदारी में कमी लाना

इस एफपीओ का मकसद कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी घटाना है। सेबी के नियमों के तहत रुचि सोया के लिए प्रमोटर की हिस्सेदारी घटाकर 75 फीसदी तक लाना अनिवार्य है। अभी कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 98 फीसदी से ज्यादा है।

ऑफर के बारे में क्या है जानकारों की राय?

शेयरइंडिया में वाइस-प्रेसिडेंट और रिसर्च हेड रवि सिंह ने इनवेस्टर्स को इस ऑफर में पैसे लगाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है, "हालांकि, कंपनी के फाइनेंशियल्स थोड़े कमजोर दिखते हैं, लेकिन इसके स्ट्रॉन्ग बेस और बैकग्राउंड को देखते हुए इस FPO में पैसा लगाया जा सकता है। कंपनी के प्रोडक्ट्स की अच्छी मांग है।"

उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूस की लड़ाई के चलते एडिबल ऑयल की कीमतों में तेजी आई है। इसके अलावा सप्लाई पर भी असर पड़ा है। इंडिया 90 फीसदी सनफ्लावर का आयात रूस और यूक्रेन से करता है। ज्यादातर एडिबल ऑयल ब्रांड्स में सनफ्लावर की हिस्सेदारी 15 फीसदी है।

सेंट्रम वेल्थ मैनेजमेंट के देवांग मेहता ने कहा कि सोयाबीन मार्केट, सोयाबीन मस्टर्ड ऑयल और इस तरह के दूसरे प्रोडक्ट्स में रुचि सोया मुख्य प्लेयर है। ऐसी प्रोडक्ट्स वाली कंपनियों में इनवेस्टर्स ने अच्छी दिलचस्पी दिखाई है। इसलिए इस एफपीओ को किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। रुचि सोया अपने रुचि गोल्ड के साल मार्केट लीडर है।

आशिका स्टॉक ब्रोकिंग ने कहा है कि रुचि सोया का ब्रांड रिकॉल स्ट्रॉन्ग है। इसका डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क बड़ा है। बेहतर फाइनेंशियल रिकॉर्ड और आरओई को देखते हुए यह एफपीओ अट्रैक्टिव लगता है। इनवेस्टर्स लंबी अवधि के लिहाज से इस ऑफर में पैसे लगा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।