Rupee Vs Doller: डॉलर के मुकाबले रुपया आज अपने रिकॉर्ड लो पर फिसलता नजर आया है। यूएस फेड चीफ जेरोम पॉवेल ने कहा है कि जब तक अमेरिका में महंगाई दर 9 फीसदी के आसपास के अपने रिकॉर्ड हाई से घटकर 2 फीसदी की टॉलरेंस लिमिट तक नहीं आ जाती तब तक ब्याज दरों में बढ़ोतरी जारी रहेगी। जेक्सन होल में जेरोम पॉवेल के स्पीच से संकेत मिलता है कि यूएस फेड की वरियता सूची में पहले नंबर पर महंगाई है। महंगाई पर नकेल कसने के लिए यूएस फेड ग्रोथ से भी समझौता कर सकता है।
फेड के इस रुख से बाजार सेटीमेंट को काफी झटका लगा है। शुक्रवार को अमेरिका के तीनों अहम इंडेक्स भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। करेंसी मार्केट में भी डॉलर के मुकाबले दूसरी अहम करेंसी को भारी झटका लगा है।
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 21 पैसे कमजोर होकर 80.08 पर खुला था और खुलने के बाद इसमें कमजोर बढ़ती नजर आई और 80.12 के रिकॉर्ड लो पर जाता नजर आया। बता दें कि पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 79.87 के स्तर पर बंद हुआ था।
बता दें कि इसके पहले पिछले महीने डॉलर के मुकाबले रुपया 80.0650 के रिकॉर्ड लो पर जाता नजर आया था। जबकि इस साल अब तक रुपये के मुकाबले अमेरिकी डॉलर 7 फीसदी मजबूत हुआ है। डॉलर के मजबूती का असर दुनिया भर के इक्विटी मार्केट पर देखने को मिल रहा है। वॉल स्ट्रीट में शुक्रवार को आई भारी गिरावट से संकेत लेते हुए आज सभी अहम एशियाई बाजार लाल रंग में दिख रहे है। SGX NIFTY 368.00 अंक की गिरावट दिखा रहा है। वहीं, निक्केई करीब 2.76 फीसदी टूटकर 27,851.68 के आसपास दिख रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स में 1.00 फीसदी की कमजोरी दिखा रहा है। ताइवान का बाजार 2.22 फीसदी टूटकर 14,938.87 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 20,009.79 के स्तर पर नजर आ रहा है।
वहीं इक्विटी मार्केट की चाल पर नजर डालें तो निफ्टी आज करीब 2% की गिरावट पर खुला। BSE के सभी सेक्टर इंडेक्स में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं मेटल इंडेक्स में भारी बिकवाली है। 09:16 बजे के आसपास सेंसेक्स 1,210.62 अंक यानी 2.06 फीसदी टूटकर 57623.25 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं निफ्टी 2.06 अंक यानी 2.06 फीसदी टूटकर 17197.40 पर नजर आ रहा है।