Rail Vikas Nigam Ltd. (RVNL) ईस्ट कोस्ट रेलवे के ₹348.49 करोड़ के एक प्रोजेक्ट के लिए L1 बनकर सामने आई है। इसका मतलब है कि इस काम के लिए सबसे कम बोली RVNL ने लगाई है। प्रोजेक्ट आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में वडलापुडी वैगन वर्कशॉप को अपग्रेड करने का है। ये खबर ऐसे वक्त में आई है, जब RVNL का शेयर इस साल अब तक करीब 50% टूट चुका है।
वैगन वर्कशॉप की क्षमता होगी दोगुनी
ये वर्कशॉप ईस्ट कोस्ट रेलवे के वाल्टेयर डिवीजन में आती है। अभी यहां एक बार में 300 वैगनों का पीरियॉडिक ओवरहॉल (POH) होता है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद ये क्षमता 600 वैगन हो जाएगी, यानी दोगुनी। POH में मालगाड़ी के डिब्बों की तय समय पर पूरी जांच और मरम्मत की जाती है, ताकि वे फिर से पटरी पर दौड़ने लायक रहें। इसे एक तरह से वैगनों की बड़ी सर्विसिंग समझ सकते हैं। RVNL को ये पूरा काम 24 महीने में खत्म करना होगा।
सितंबर में भी ईस्ट कोस्ट रेलवे से मिला था बड़ा काम
ईस्ट कोस्ट रेलवे से जुड़ा ये RVNL का सबसे नया प्रोजेक्ट है। इससे पहले 19 सितंबर को कंपनी ने बताया था कि उसे ₹404.88 करोड़ का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) मिला है। ये काम नेरगुंडी-बरंग और खुर्दा रोड-विजयनगरम सेक्शन पर तीसरी रेलवे लाइन बिछाने से जुड़ा है।
₹404.88 करोड़ की इस रकम में GST भी शामिल है। कॉन्ट्रैक्ट के तहत भद्रक-विजयनगरम सेक्शन का 385 किलोमीटर लंबा हिस्सा कवर होगा। इसमें नेरगुंडी से बरंग के बीच 22 किलोमीटर और खुर्दा रोड से विजयनगरम के बीच 363 किलोमीटर का हिस्सा आता है।
इस साल करीब 50% की गिरावट
शुक्रवार को RVNL का शेयर 2.05% गिरकर ₹191 पर बंद हुआ। इस साल शेयर की चाल निवेशकों के लिए अच्छी नहीं रही है। अब तक इसमें करीब 50% की गिरावट आ चुकी है। मतलब जिस निवेशक ने साल की शुरुआत में इस शेयर में पैसा लगाया था, उसकी करीब आधी रकम अब तक साफ हो चुकी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।