लीडिंग एजुकेशन कॉन्टेंट फर्म एस चांद कंपनी लिमिटेड (S Chand and Company Limited) ने बताया है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और डेटा साइंस पर फोकस करने वाली एडटेक प्लेटफॉर्म आई न्यूरॉन इंटेलीजेंस प्राइवेट लिमिटेड (iNeuron Intelligence Private Limited) में अपनी पूरी हिस्सेदारी 14 करोड़ रुपये में फिजिक्सवाला (PhysicsWallah) को बेचेगी। एस चांद ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में ये भी बताया है कि सह-निवेशक मुकेश शर्मा फैमिली ट्रस्ट (Mukesh Sharma Family Trust) भी आईन्यूरॉन से बाहर हो जाएगी। बतातें चलें जून 2022 में एक यूनिकॉर्न वैल्यूएशन के आधार पर 10 करोड़ डॉलर जुटाने के बाद फिजिक्स वाला अधिग्रहण के दौर में है।
PhysicsWallah ने जून से अब तक किया अधिग्रहण
जून से अब तक फिजिक्सवाला ने कम से कम 4 कंपनियों का अधिग्रहण किया है। ये अधिग्रहण उस समय हुआ है, जब स्कूलों, कॉलेजों और फिजिकल ट्यूशन सेंटर के खुलने के बाद से एडटेक कंपनियों की मांग में कमी आई है।
एस चांद ने iNeuron Intelligence में दिसंबर 2021 में किया था निवेश
बतातें चलें कि एस चांद ने अपने पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी विकास पब्लिशिंग और छाया प्रकाशिनी के साथ मिलकर दिसंबर 2021 में दो चरणों में यह अधिग्रहण किया था। कंपनी ने इस निवेश का दूसरा चरण सितंबर 2022 में पूरा किया था। दोनों कंपनियों ने यूनिवर्सिटी कोलैबरेशन में आपसी सहयोग के साथ मिलकर काम करने का समझौता किया था। बता दें कि फिजिक्सवाला की स्थापना एक बूट स्ट्रैप्ड कंपनी के रूप में 2020 के मध्य में अलख पांडे और प्रतीक माहेश्वरी ने की थी।
PhysicsWallah के पहले अलख पांडे चलाते थे इसी नाम से एक यूट्यूब चैनल
PhysicsWallah के पहले अलख पांडे इसी नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाते थे। जिसके करीब 70 लाख सब्सक्राइबर थे। जबकि इसकी व्यूअरशिप 1.2 अरब से ज्यादा थी। कंपनी ने हाल ही में कोटा में एक इंस्टीट्यूट खोलकर ऑफलाइन कोचिंग कारोबार में भी कदम रखा है। कोटा को देश का कोचिंग कैपिटल माना जाता है।