SEDEMAC IPO Listing: सीडेमैक मेकेट्रॉनिक्स के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। हालांकि इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा तो चौथाई भी नहीं भर पाया था। इसके आईपीओ के तहत ₹1352 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹1510.00 और NSE पर ₹1535.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को करीब 13% का लिस्टिंग गेन (SEDEMAC Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹1613.50 तक पहुंचे।
ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के चलते शेयर नरम पड़े। दिन के आखिरी में यह ₹1452.10 (SEDEMAC Share Price) पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 7.40% मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज अधिक फायदे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर ₹128 के डिस्काउंट पर मिला है।
SEDEMAC IPO को खुदरा निवेशकों का ठंडा रिस्पांस
सीडेमैक का ₹1,87 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 4-6 मार्च तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 2.68 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 8.46 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.77 गुना, खुदरा निवेशकों का हिस्सा 0.20 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 2.95 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी हुआ है बल्कि ₹10 की फेस वैल्यू वाले 80,43,300 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है और चूंकि यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का था तो कंपनी को कोई पैसा नहीं मिला है।
SEDEMAC Mechatronics के बारे में
वर्ष 2007 में बनी बनी सीडेमैक मेकेट्रॉनिक्स को कंट्रोल इलेक्ट्रॉनिक्स के फील्ड में महारत हासिल है। पुणे की यह कंपनी पावरट्रेन कंट्रोलर्स, मोटर कंट्रोल प्रोडक्ट्स और इंटीग्रेटेड स्टार्टर-जेनेरेटर सॉल्यूशंस बनाती है। इसका फोकस पेटेंटेड सेंसर-लेस मोटर कंट्रोल टेक्नोलॉजी पर है जिससे बिना एक्सटर्नल सेंसर को बेहतर परफॉरमेंस मिलता है। देश में पहली बार इसी ने तेल से चलने वाली दोपहिया और तिपहिया गाड़ियों के लिए सेंसरलेस कम्युटेशन-बेस्ड इंटीग्रेटेड स्टार्टर जेनेरेटर्स ईसीयू बनाया था।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹8.57 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में घटकर ₹5.88 करोड़ पर आ गया लेकिन फिर वित्त वर्ष 2025 में रिकवर होकर यह ₹47.05 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम लगातार बढ़ी और यह सालाना 24% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹662.54 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹71.50 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹775.31 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। दिसंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹46.89 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹366.74 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।