सेंसेक्स 115 अंक ऊपर, निफ्टी 10900 के पार बंद

अच्छे ग्लोबल संकेतों और शॉर्टकवरिंग के दम पर बाजार निचले स्तर से अच्छी रिकवरी लेकर बंद हुआ है।

अपडेटेड Feb 04, 2019 पर 3:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

अच्छे ग्लोबल संकेतों और शॉर्टकवरिंग के दम पर बाजार निचले स्तर से अच्छी रिकवरी लेकर बंद हुआ है। सेंसेक्स नीचे से करीब 200 अंक सुधरकर 36500 के पार बंद होने में कामयाब रहा है। वहीं निफ्टी भी अच्छी रीकवरी लेकर 10900 के पार बंद हुआ है। बैंक निफ्टी में भी करीब 100 प्वाइंट की मजबूती आई है, लेकिन मिडकैप इंडेक्स लाल निशान में ही बंद हुआ है। आज के कारोबार में फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली हुई है। एफएमसीजी, मेटल, ऑटो और रियल्टी शेयरों में भी दबाव देखने को मिला।

टाइटन, ओेएनजीसी, आरआईएल और आइशर में आज सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली जबकि इंडियाबुल्स हाउसिंग, हिंडाल्को, पावर ग्रिड और एस बैंक में आज सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।

आज अनिल अंबानी ग्रुप के शेयरों की पिटाई हुई है। दरअसल रिलायंस कम्यूनिकेशंस के दिवालिया होने की अर्जी देने के फैसले से इनकी पिटाई हुई है। पिछले 12 महीनों में लेंडर्स से समझौता नहीं होने पर बोर्ड ने एनसीएलटी में दिवालिया होने की अर्जी देने का फैसला लिया है। खबर से रिलायंस कम्यूनिकेशंस करीब 32 फीसदी टूटा है, जबकि रिलायंस पावर 30 फीसदी कमजोर हुआ है। रिलायंस कैपिटल और रिलायंस इंफ्रा की भी जोरदार पिटाई हुई है।

आज के कारोबार में मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भारी कमजोरी देखने को मिली है। बीएसई की मिडकैप इंडेक्स आज 0.82 फीसदी टूटकर 14521.40 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, स्मॉलकैप इंडेक्स 1.17 फीसदी की कमजोरी के साथ 13787.76 के स्तर पर बंद हुआ है। हालांकि तेल-गैस शेयरों में आज खरीदारी देखने को मिली है। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.47 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।

प्राइवेट बैंकों में खरीदारी के दम पर बैंक निफ्टी आज बढ़त के साथ बंद हुआ है। बैंक निफ्टी 0.37 फीसदी बढ़कर 27186.60 के स्तर पर बंद हुआ है। हालांकि पीएसयू बैंकों में बिकवाली हावा रही।

कारोबार के अंत में बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 113.31 अंक यानि 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 36582.74 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 18.60 अंक यानि 0.17 फीसदी की मजबूती के साथ 10912.25 के स्तर पर बंद हुआ है।


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।