भारतीय शेयर बाजार आज भी गिरावट के साथ बंद हुआ है। सोमवार 7 फरवरी को सेंसेक्स 1023.63 अंक गिरकर 57,621.19 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 1.7% की गिरावट के साथ 17,213 पर बंद हुआ है। पिछले तीन कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 1950 अंक गिर चुका है। इस दौरान निवेशकों को शेयर बाजार में 6 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है।
अमेरिका में फेड रिजर्व के मार्च में ब्याज बढ़ाने, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, FII की तरफ से हो रही भारी बिकवाली, कमजोर एशियाई बाजार के साथ अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से शेयर बाजार में बिकवाली हुई है।
सेंसेक्स 30 की बात करें तो सबसे ज्यादा नुकसान HDFC Bank के शेयरों में हुआ है। यह करीब 3.5% गिरा है। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, L&T, HDFC, बजाज फिनसर्व और कोटक बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
मिंट के मुताबिक, Swastika Investmart के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा कि FII की बिकवाली से HDFC, HDFC Bank और कोटक बैंक के शेयरों में गिरावट आई है। निफ्टी के लिए 17200 पर सपोर्ट लेवल है। यहां से कुछ रिकवरी की उम्मीद कर रहे हैं। अगर यह लेवल टूटता है तो निफ्टी का अगला सपोर्ट लेवल 17000 और 16800 है। अगर निफ्टी में तेजी आती है तो 17450-17500 मजबूत रेजिस्टेंस लेवल होगा।
संतोष मीणा ने कहा, "अगर हम घरेलू संकेतों के बारे में बात करते हैं तो बजट अच्छा था और कंपनियों की दिसंबर तिमाही में अर्निंग ग्रोथ भी ठीक रही है। लेकिन यहां एक अहम सवाल यह है कि "क्या बाजार 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों से ठीक पहले घबरा रहा है?" तकनीकी रूप से, निफ्टी अपने 50 दिनों के मूविंग एवरेज से नीचे फिसल गया है जो एक अच्छा संकेत नहीं है। हालांकि 17,200 एक सपोर्ट लेवल है जहां हम कुछ रिकवरी की उम्मीद कर सकते हैं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो बिकवाली का दबाव 17,000/16,800 के स्तर की ओर बढ़ सकता है। हालांकि सपोर्ट मिलने पर 17450-17500 अब एक मजबूत रेजिस्टेंस के रूप में काम करेगा।"