BSE सेंसेक्स 1,500 अंक गिरा, निवेशकों के एक दिन में डूबे 5.43 लाख करोड़ रुपये

BSE पर लिस्टेड कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू करीब 5.43 लाख करोड़ रुपये घटकर 241.35 लाख करोड़ पर आ गया

अपडेटेड Mar 07, 2022 पर 5:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Share Market सोमवार को लगातार चौथे दिन लाल निशान में बंद हुआ

शेयर बाजार (Share Market) सोमवार को लगातार चौथे दिन लाल निशान में बंद हुआ। कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में तेज बढ़ोतरी, रूस-यूक्रेन युद्ध के और तेज होने के आसार और रूस के ऊपर नए प्रतिबंधों की चर्चा ने बहुत सी कमोडिटीज के सप्लाई चेन सिस्टम पर असर डाला है, जिसके चलते उनके दाम कई सालों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं।

इसने दुनिया भर के निवेशकों को मुश्किल में डाल दिया है। 30 शेयरों वाला BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (BSE Sensex) सोमवार को 1,491.06 अंक या 2.74 फीसदी गिरकर 52,842.75 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी इंडेक्स 382.20 अंक या 2.35 फीसदी लुढ़ककर 15,863.15 के स्तर पर बंद हुआ।

इस भारी गिरावट के चलते सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू करीब 5.43 लाख करोड़ रुपये घटकर 241.35 लाख करोड़ पर आ गया। इसका सीधा मतलब यह है सोमवार को निवेशकों को कारोबार के दौरान निवेशकों के 5.43 लाख करोड़ रुपये डूब गए।


शेयर बाजार में सोमवार की अहम घटनाएं ये रहीं-

- PNB हाउसिंग फाइनेंस ने कैपिटल जुटाने के योजना का ऐलान किया, जिसके बाद उसका शेयर करीब 6 फीसदी उछला

- IndiGo, SpiceJet जैसी एविएशन कंपनियों के शेयर जेट फ्यूल के दाम बढ़ने से 7 फीसदी तक गिर गए

- पेंट कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई क्योंकि कच्चे तेल का दाम बढ़ने से उनके मार्जिन घटने के आसार है

- पेटीएम के शेयरों ने अपना नया निचला स्तर छुआ और उसकी मार्केट वैल्यू 50,000 करोड़ रुपये से नीचे आ गई

- इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (VIX) 5 फीसदी बढ़ गया, जो बाजार में अस्थिरता बताने का एक मापक है

यह भी पढ़ें- कभी- कभी बाजार में कुछ ना करना ही होता है सबसे बेहतर रणनीति- मैक्स लाइफ के मिहिर वोरा

ब्लूचिप शेयरों में सबसे अधिक उछाल ONGC में 13.16 फीसदी की देखी गई। इसके अलावा हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया, भारती एयरटेल, UPL, HCL टेक, टाटा स्टील और इंफोसिस के शेयरों में भी सोमवार को टॉप गेनर्स में शामिल रहे। वहीं 8.14 फीसदी की गिरावट के साथ इंडसइंड बैंक, सोमवार को टॉप लूजर्स में शामिल रहा।

छोटे और मझोले शेयरों में भी व्यापक गिरावट देखी गई। निफ्टी स्मॉलकैप 2.04 फीसदी और निफ्टी मिडकैप 2.37 फीसदी गिरकर बंद हुआ। वहीं NSE का सबसे बड़ा इंडेक्स निफ्टी-500 करीब 2.37 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।

छोटे और मझोले शेयरों में PNB हाउसिंग फाइनेंस, बलरामपुर चीनी मिल्स, साइएंट, ZEE एंटरटेनमेंट, बालकृष्ण इंडस्ट्रीज और नेशनल एल्युमीनियम मिड और स्मॉलकैप सूचकांकों में 3-7 फीसदी की बढ़त के साथ शीर्ष पर रहे। जुबिलेंट इंग्रेविया, KEC इंटरनेशनल, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, इंडियामार्ट इंटरमेश, वोडाफोन आइडिया और ओबेरॉय रियल्टी 6 से 8 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.10 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। इसे छोड़कर बाकी सभी सेक्टर के इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे बड़ी गिरावट निफ्टी बैंक, निफ्टी ऑटो और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में देखी गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।