SGX Nifty को लेकर एक बड़ी खबर आई है। बताते चलें की एसजीएक्स-निफ्टी सिंगापुर के एक्सचेंज में ट्रेड होता है। एसजीएक्स निफ्टी को व्यापक तौर पर भारतीय शेयर बाजारों के इंडीकेटर के रूप में देखा जाता है। SGX Nifty 6.15 AM IST पर खुलता है जबकि भारतीय शेयर बाजार कारोबारी दिनों में सुबह 9:15 बजे से कारोबार के लिए खुलते हैं। SGX Nifty को लेकर 3 जुलाई से बड़ा बदलाव होने वाला है। इसके तहत एसजीएक्स निफ्टी अब गुजरात स्थित गिफ्ट सिटी में ट्रांसफर हो जाएगा। इसका मतलब ये है कि SGX Nifty का कारोबार अब सिंगापुर की बजाय गिफ्टी सिटी से ही होगा। इस बदलाव के चलते निवेशक गिफ्ट सिटी में एसजीएक्स पर डॉलर मे उपलब्ध निफ्टी फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट में कारोबार कर सकेंगे।
एसजीएक्स कनेक्ट पर होगा ये ट्रांसफर
तीन जुलाई से SGX Nifty के सारे डेरीवेटिव कॉन्ट्रैक्ट गिफ्ट सिटी में ट्रांसफर हो जाएंगे जिसका नाम है एसजीएक्स कनेक्ट। इस बदलाव से पूरी की पूरी लिक्विडिटी सिंगापुर से हटकर भारत में आ जाएगी। अभी 30 जून तक सिंगापुर एक्सचेंज में SGX Nifty की सारी ट्रेडिंग होती रहेगी। लेकिन उसके बाद वीकेंड के दौरान शिफ्टिंग की ये प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह ट्रांसफर 1:1 के कनवर्जन आधार पर होगा
इस बारे में सिंगापुर एक्सचेंज द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है कि SGX निफ्टी की सभी ओपन पोजीशन ऑटोमेटिक तरीके से 30 जून को ट्रेडिंग सेशन की समाप्ति के बाद NSE IFSC Nifty पर ट्रांसपर हो जाएंगी। ऐसे में वो ट्रेडर जो अपनी पोजीशन को SGX Nifty से NSE IFSC Niftyमें ट्रांसपर नहीं करना चाहते हैं। उनको 30 जून 2023 को कारोबारी सत्र के समाप्त होने के पहले अपनी पोजीशन काट लेनी चाहिए। SGX Nifty से NSE IFSC Nifty में होने वाला यह ट्रांसफर 1:1 के कनवर्जन आधार पर होगा।
ट्रेडिंग सत्र, एनएलटी की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं
SGX के सर्कुलर में कहा गया है कि SGX इस लिक्विडिटी स्विच के तहत SGX NIFTY और NSE IFSC NIFTY पर लागू सभी क्लियरिंग और पोजीशन ट्रांसपर फीस को माफ कर देगा। सर्कुलर में ये भी कहा गया है कि ट्रेडिंग सत्र, एनएलटी की टाइमिंग और एनएसई आईएफएससी निफ्टी के लिए पोस्ट-ट्रेड गतिविधियां पहले की तरह ही रहेंगी। इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।