दिग्गज निवेशक शंकर शर्मा (Shankar Sharma) ने कहा है कि वह लार्जकैप कंपनियों के स्टॉक्स में निवेश नहीं कर रहे, क्योंकि इनमें से ज्यादातर की वैल्यूएशन बहुत ज्यादा हो गई हैं। यही वजह है कि उन्होंने लंबे समय से बैंकों के शेयरों में निवेश नहीं किया है। उन्होंने कहा कि अगर आप मुझसे Nifty के अभी के लेवल के बारे में पूछें तो मैं इस बारे में कुछ नहीं बता पाउंगा। इसकी वजह यह है कि पूरा एक्शन स्मॉलकैप कंपनियों के स्टॉक्स में दिख रहा है। मनीकंट्रोल ने दिवाली से पहले शर्मा से स्टॉक मार्केट और इनवेस्टमेंट को लेकर लंबी बातचीत की। हमने उनसे मार्केट की वैल्यूएशन और निवेश के मौकों के बारे में पूछा। शर्मा को स्टॉक मार्केट का कई दशकों का अनुभव है। बड़ी संख्या में इनवेस्टर्स उनके फैंस हैं, जिनकी नजरें शर्मा के इनवेस्टमेंट और पोर्टफोलियो पर होती है।
