Share Market Crash: बाजार लगातार दूसरे दिन लाल, सेंसेक्स 516 अंक ​गिरकर बंद; इन 6 कारणों से फिसला

Share Market Crash: निफ्टी भी गिरावट के साथ 24,233.65 पर खुला और फिर दिन में 200 अंक तक फिसला। विदेशी संस्थागत निवेशक भारतीय बाजार में लगातार शेयर बेच रहे हैं। उनकी ओर से लगातार बिक्री सेंटिमेंट को और कमजोर कर रही है

अपडेटेड May 08, 2026 पर 4:33 PM
Story continues below Advertisement
एक दिन पहले गुरुवार को सेंसेक्स 114 अंक या 0.15 प्रतिशत टूटकर 77,844.52 पर बंद हुआ था।

शुक्रवार, 8 मई को शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट है और यह बड़ी है। अमेरिका-ईरान के बीच लड़ाई फिर शुरू होने, कच्चे तेल में फिर उबाल जैसे कारणों के चलते बाजार लाल है। शुक्रवार को सेंसेक्स लाल निशान में 77,631.94 पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी गिरावट के साथ 24,233.65 पर खुला। इसके बाद दिन में सेंसेक्स पिछले बंद भाव से लगभग 700 अंक टूटकर 77,146.43 के लो तक गया। निफ्टी भी 200 अंक तक टूटकर 24,126.65 के लो तक गया।

बाद में बाजार में थोड़ी रिकवरी आई और सेंसेक्स 516.33 अंकों की गिरावट के साथ 77,328.19 पर और निफ्टी 150.50 अंकों की गिरावट के साथ 24,176.15 पर सेटल हुआ। एक दिन पहले गुरुवार को सेंसेक्स 114 अंक या 0.15 प्रतिशत टूटकर 77,844.52 पर बंद हुआ था। निफ्टी 4.30 अंक या 0.02 प्रतिशत के मामूली नुकसान के साथ 24,326.65 पर बंद हुआ था। BSE मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.40 प्रतिशत चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक में 1.09 प्रतिशत की बढ़त रही। शुक्रवार को आई गिरावट के पीछे मुख्य कारण क्या हैं, आइए जानते हैं...

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ना


अमेरिका और ईरान के बीच फिर से लड़ाई छिड़ने से पहले से ही नाजुक चल रहा युद्ध विराम खतरे में पड़ गया है। हालात फिर से गंभीर होने की आशंका पैदा हो गई है। ईरान ने अमेरिका पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि संघर्ष-विराम अभी भी लागू है।

कच्चे तेल की कीमत

पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ने से तेल-गैस के ट्रांसपोर्ट के लिए अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की दिशा में होने वाली प्रगति की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। इससे कच्चा तेल फिर से चढ़ गया है। रॉयटर्स के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 22 सेंट बढ़कर 100.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) U.S. क्रूड फ़्यूचर्स 5 सेंट बढ़कर 94.86 डॉलर प्रति बैरल हो गया। कच्चे तेल के महंगे होने से महंगाई बढ़ने का डर पैदा हो जाता है।

कमजोर वैश्विक बाजार

वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान ने भी निवेशकों के विश्वास को कमजोर किया। अमेरिकी बाजार गुरुवार को लाल निशान में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी गिरावट है। भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को गिरावट है। जकार्ता कंपोजिट में 3 प्रतिशत की गिरावट आई है। हेंग सेंग 1 प्रतिशत टूटा है। ताइवान वेटेड में 0.80 प्रतिशत की गिरावट है।

Sonata Software में शानदार तेजी, मुनाफा बढ़ने और डिविडेंड के ऐलान के बाद शेयर 10% तक उछला

FII की सेलिंग

विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) भारतीय बाजार में लगातार शेयर बेच रहे हैं। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, FII गुरुवार को भी सेलर रहे। उन्होंने 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। उनकी ओर से लगातार बिक्री सेंटिमेंट को और कमजोर कर रही है।

India VIX में बढ़ोतरी

शेयर बाजार की अस्थिरता मापने वाला India VIX 1.32 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 16.84 पर पहुंच गया। इस सूचकांक में बढ़ोतरी निवेशकों के बीच बढ़ती अनिश्चितता का संकेत देती है और इससे इक्विटी बाजारों में तेज उतार-चढ़ाव आ सकता है।

रुपया फिर लुढ़का

8 मई को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 25 पैसे की गिरावट के साथ 94.47 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ है। एक दिन पहले अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 27 पैसे की बढ़त के साथ 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। ब्रेंट क्रूड और अमेरिकी डॉलर सूचकांक के अपने ऊपरी स्तर से नीचे आने से रुपये को सपोर्ट मिला था। लेकिन अब कच्चे तेल की कीमत में फिर से उबाल है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।