Share Market Crash: लगातार छठे दिन Nifty लाल, Sensex में 5 वजहों से 450 अंकों से अधिक की गिरावट

Share Market Crash: निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन आज लगातार छठे कारोबारी दिन घरेलू स्टॉक मार्केट में बिकवाली का दबाव रहा। एशियाई बाजारों से कमजोर रुझानों के बीच सेंसेक्स (Sensex) 450 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी (Nifty) भी फिसलकर 24200 के नीचे आ गया। जानिए मार्केट में गिरावट की पांच मुख्य वजह

अपडेटेड Aug 18, 2026 पर 4:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक कारोबारी दिन पहले 17 अगस्त को सेंसेक्स (Sensex) 281.09 प्वाइंट्स यानी 0.36% की गिरावट के साथ 77,728.16 और निफ्टी 78.35 प्वाइंट्स यानी 0.32% की फिसलन के साथ 24,287.65 पर बंद हुआ था। आज ये लाल खुले।

Share Market Crash: ट्रंप के बयान से ईरान से सुलह पर छाए बादल और कच्चे तेल में उबाल पर एशियाई मार्केट झुलस गया और इसकी आंच घरेलू मार्केट में भी महसूस हुई। लगातार छठे कारोबारी दिन आज मार्केट में बिकवाली का दबाव दिखा। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 450 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी भी फिसलकर 24150 के करीब आ गया और दिन के आखिरी में ये आधे फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि ब्रोडर लेवल पर मिला-जुला रुझान दिखा। निफ्टी मिडकैप 100 करीब आधा फीसदी कमजोर हुआ निफ्टी स्मॉलकैप 100 फ्लैट बंद हुआ।

अब घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो निफ्टी की वीकली एक्सपायरी को आज सेंसेक्स (Sensex) 492.70 प्वाइंट्स यानी 0.63% की गिरावट के साथ 77,235.46 और निफ्टी 132.75 प्वाइंट्स यानी 0.55% की फिसलन के साथ 24,154.90 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 493.80 प्वाइंट्स टूटकर 77,234.36 और निफ्टी भी 132.75 प्वाइंट्स टूटकर 24,154.90 तक आया था।

Share Market Crash: ये है वजह

ट्रंप के ऐलान से खलबली


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान के साथ खत्म हो रहे समझौते को आगे बढ़ाने में कोई दिलचस्पी नहीं है, तो लेबनान में फिर से शुरू हुई लड़ाई ने जियो-पॉलिटिकल टेंशन को बढ़ा दिया। इस वजह से स्टॉक मार्केट में घबराहट बढ़ी।

कच्चे तेल में उबाल

जियो-पॉलिटिकल टेंशन के चलते कच्चा तेल उबला तो इसकी आंच में मार्केट झुलस गया। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेट क्रूड उछलकर प्रति बैरल $91 पर पहुंच गया है।

आईटी स्टॉक्स का दबाव

सेक्टरवाइज सरकारी बैंकों और आईटी कंपनियों ने आज मार्केट पर काफी दबाव बनाया। निफ्टी आईटी करीब 2% कमजोर हुआ तो निफ्टी पीएसयू बैंक 1% से अधिक नीचे आया। निफ्टी ऑटो में हल्की बढ़त रही तो निफ्टी प्राइवेट बैंक कमजोर रहा। इक्का-दुक्का सेक्टर्स को छोड़ अधिकतर के निफ्टी इंडेक्स आज लाल ही बंद हुए।

FIIs की बिकवाली से दबाव

एक कारोबारी दिन पहले विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ बिकवाली ने मार्केट पर आज दबाव बनाया। विदेशी निवेशकों ने कैश मार्केट में ₹2535.10 करोड़ के शेयरों की नेट बिक्री की। हालांकि DII (डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स) ने ₹5,101.46 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की।

Nifty की वीकली एक्सपायरी

आज निफ्टी की वीकली एक्सपायरी है तो मार्केट में इसका भी असर दिखा। वीकली एक्सपायरी का मतलब है कि आज निफ्टी 50 के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की पोजिशन स्क्वेयर ऑफ हो जाएगी।

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।