Share Market Crash: शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 2% लुढ़का; निवेशकों को ₹10 लाख करोड़ का झटका

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार आज 3 अक्टूबर को भारी गिरावट के साथ बंद हुए। मिडिल ईस्ट में तनाव और नए F&O नियमों के चलते बाजार में चौतरफा गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1769 अंक की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी 547 अंकों का गोता लगाकर 25,250 पर आ गया। इसके चलते निवेशकों को आज 9.5 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का झटका लगा

अपडेटेड Oct 03, 2024 पर 4:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज घटकर 465.25 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार आज 3 अक्टूबर को भारी गिरावट के साथ बंद हुए। मिडिल ईस्ट में तनाव और नए F&O नियमों के चलते बाजार में चौतरफा गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 1769 अंक की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी 547 अंकों का गोता लगाकर 25,250 पर आ गया। इसके चलते निवेशकों को आज 9.5 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का झटका लगा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी क्रमश: 2.27% और 1.84% टूट गए। सबसे अधिक मार रियल्टी, कैपिटल गुड्स, ऑटो और इंडस्ट्रियल शेयरों पर पड़ी। बीएसई के सभी सेक्टरोल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 1,769.19 अंक या 2.10 फीसदी का गोता लगाकर 82,497.10 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 546.80 अंक या 2.12 फीसदी टूटकर 25,250.10 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों के ₹9.61 लाख करोड़ डूबे

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 3 अक्टूबर को घटकर 465.25 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 2 अक्टूबर को 474.86 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 9.61 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 9.61 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।


सेंसेक्स के 29 शेयर गिरावट के साथ बंद

शेयर बाजार में गिरावट इतनी तेज थी कि बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर लाल निशान में हुए। इसमें भी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयरों में 3.95 फीसदी की सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), इंफोसिस (Infosys) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयर 3.76 फीसदी से लेकर 3.03 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए और ये टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

सिर्फ एक शेयर हरे निशान में रहे

इस चौतरफा गिरावट में सेंसेक्स का सिर्फ एक शेयर हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहा। जेएसडब्लू स्टील के शेयर करीब 1.18 फीसदी की तेजी के साथ 1039.80 रुपये के भाव पर बंद हुए।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex70

2,866 शेयरों में रही गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,076 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,120 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,866 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 90 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 237 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 67 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex70f

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

यह भी पढ़ें- चीन के स्टॉक मार्केट में माहौल बदलने के बाद यहां तेजी से पहुंच रहा बाकी एशियाई मार्केट्स का पैसा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।