Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में पिछले दो दिनों से जारी तेजी पर आज 27 मई को ब्रेक लग गया। सेंसेक्स 625 अंक टूटकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी फिसलकर 24,850 के नीचे पहुंच गया। कमजोर ग्लोबल संकेतों और मुनाफावसूली के चलते बाजार में गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट के चलते निवेशकों की संपत्ति आज करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये डूब गई। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की चाल थोड़ी अलग रही और दोनों इंडेक्स लगभग 0.19 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आईटी और बैंकिंग शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। दूसरी ओर टेलीकम्युनिकेशंस और कैपिटल गुड्स शेयरों में तेजी का रुख रहा।
