तमाम चुनौतियों के बावजूद ऑटो कंपनियों की कमाई बढ़ी, जानिए अब क्या है एनालिस्ट की इन पर राय
कमोडिटी की बढ़ती कीमतों , चिप की शॉर्टेज और कुछ सेगमेंट में मांग में सुस्ती के बावजूद मार्च तिमाही में ऑटो कंपनियों का प्रदर्शन मजबूत रहा है। टॉप की 9 ऑटो कंपनियों की शुद्ध बिक्री और मुनाफे में इस अवधि में 7 फीसदी और 32 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।मार्च तिमाही में Tata Motors, Hero MotoCorp और Mahindra & Mahindra के मार्जिन में 1 -2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। वहीं Maruti Suzuki India, TVS Motors और Ashok Leyland के मार्जिन में हल्की बढ़त देखने को मिली है। समग्र नजरिए से देखें तो चौथी तिमाही में ऑटो सेक्टर की मार्जिन में हल्की बढ़त देखने को मिली है।
Ventura Securities के विनीत बोलिंजकर का कहना है कि आगे चिप सप्लाई में सुधार आने के चलते ऑटो सेक्टर के उत्पादन पर बना दबाव कम होगा। वहीं कंपनियों द्वारा की गई कीमत बढ़ोतरी से उत्पादन लागत बढ़ने का दबाव कुछ कम हुआ है। जिससे मार्जिन में कुछ सुधार आता दिखा है। इसके अलावा एग्रेसिव तरीके से की जा रही न्यू लॉन्चिंग के चलते भी ऑटो कंपनियों की कमाई और मुनाफे में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
Religare Broking के अजीत मिश्रा का कहना है कि मार्च तिमाही में ऑटो कंपनियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। कच्चे माल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के असर को कंपनियां अपने प्रोडक्ट के दाम बढ़ाकर ऑफसेट करने में सफल रही हैं जिसको ध्यान में रखते हुए हम ऑटो सेक्टर के लिए बुलिश हैं। इनके लिए आगे डिमांड की स्थिति अच्छी नजर आ रही है।