Share Market: सेंसेक्स-निफ्टी ने छुआ नया ऑल-टाइम हाई, निवेशकों ने एक दिन ₹1.71 लाख करोड़ कमाया

Share Market Closing: शेयर बाजारों के रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला गुरुवार 6 जुलाई को भी जारी रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपने रिकॉर्ड स्तर पर जाकर बंद हुए। यहां तक कि बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी दिन के कारोबार में अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों को आज करीब 1.71 लाख करोड़ रुपये का लाभ हुआ

अपडेटेड Jul 06, 2023 पर 4:03 PM
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर 301.61 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Closing: शेयर बाजारों के रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला गुरुवार 6 जुलाई को भी जारी रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अपने रिकॉर्ड स्तर पर जाकर बंद हुए। यहां तक कि बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी दिन के कारोबार में अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छुआ। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों को आज करीब 1.71 लाख करोड़ रुपये का लाभ हुआ। कारोबार के अंत में, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 339.60 अंक या 0.52 फीसदी गिरकर 65,785.64 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी (Nifty) 98.80 अंक या 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 19,497.30 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों ने 1.71 लाख करोड़ रुपये कमाए

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 6 जुलाई को बढ़कर 301.61 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 6 जुलाई को 299.90 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.71 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 1.71 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी


सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में सबसे अधिक 5.03 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद पावर ग्रिड (Power Grid), टाटा मोटर्स (Tata Motors), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये करीब 1.56% से लेकर 3.57% तक की तेजी के साथ बंद हुए।

यह भी पढ़ें- Hind Zinc के शेयरों में 8 फीसदी की रैली, FY24 के लिए अंतरिम डिविडेंड पर जल्द फैसला ले सकती है कंपनी

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट

वहीं सेंसेक्स के बाकी 11 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयरों में सबसे अधिक 1.30% की गिरावट रही। इसके अलावा एचसीएल टेक (HCL Tech), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) और इंफोसिस (Infosys) के शेयर भी आज लाल निशान में बंद हुए और इनमें करीब 0.25% से लेकर 1.12% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensexstock

2,060 शेयरों में रही तेजी

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,596 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,060 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,398 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 138 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 166 शेयरों में आज कारोबार के दौरान अपर सर्किट लगा। वहीं 91 शेयर अपनी लोअर सर्किट सीमा को छूकर बंद हुए।

sensextrade

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।