Share Market Rally: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर कच्चे तेल की फिसलन आज भी जारी रही जिसके चलते स्टॉक मार्केट में रौनक बनी रही। कच्चा तेल 2% टूटकर प्रति बैरल $82 के नीचे आया तो घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी आधे फीसदी से अधिक उछल पड़े। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 500 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी ने भी 24 हजार का लेवल पार कर दिया था। ब्रोडर लेवल पर मिडकैप और स्मॉलकैप स्पेस में भी रौनक रही और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 आधे फीसदी से थोड़ी ही कम बढ़त के साथ बंद हुए।
सेक्टरवाइज मेटल सेक्टर ने दबाव बनाने की काफी कोशिश की और इसमें ऑटो, फार्मा और पीएसयू बैंक ने भी साथ दिया लेकिन नाकाम रहे। निफ्टी मेटल में डेढ़ फीसदी से अधिक की गिरावट रही तो फार्मा, ऑटो और पीएसयू बैंक में आधे फीसदी से कम गिरावट रही। वहीं दूसरी तरफ रियल्टी सेक्टर का जोश हाई रहा और इसका निफ्टी इंडेक्स 2% से अधिक उछल पड़ा। निफ्टी आईटी में डेढ़ फीसदी से अधिक तो निफ्टी एफएमसीजी में भी 1% से अधिक तेजी आई। प्राइवेट बैंक के निफ्टी इंडेक्स में आधे फीसदी से थोड़ी ही कम की मजबूती आई।
ओवरऑल आज BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब ढाई लाख करोड़ रुपये बढ़ गया यानी निवेशकों की दौलत में करीब ढाई लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज सेंसेक्स (Sensex) 544.15 प्वाइंट्स यानी 0.71% के उछाल के साथ 76,808.48 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 135.25 प्वाइंट्स यानी 0.57% की बढ़त के साथ 23,989.15 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स आज 582.41 प्वाइंट्स उछलकर 76,846.74 और निफ्टी 148.70 प्वाइंट्स चढ़कर 24,002.60 तक पहुंच गया।
₹2.71 लाख करोड़ बढ़ी निवेशकों की दौलत
एक कारोबारी दिन पहले यानी 15 जून 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,69,54,923.063 करोड़ था। आज यानी 16 जून 2026 को यह उछलकर ₹4,72,26,425.09 करोड़ पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज ₹2,71,502.027 करोड़ का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें आज 21 स्टॉक्स आज ग्रीन बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी आज एचसीएलटेक, बजाज फिनसर्व और एनटीपीसी में रही। वहीं दूसरी तरफ आज सेंसेक्स पर सबसे अधिक गिरावट इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति में रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
113 शेयर एक साल के हाई पर
बीएसई पर आज 4407 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2368 शेयर मजबूत हुए तो 1886 में गिरावट रही जबकि 153 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 113 शेयर एक साल के हाई और 60 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 11 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 8 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।