Share Market Rally: अमेरिका और ईरान के बीच डील पर इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी रॉकेट बन गए। डील की रिपोर्ट्स आने पर सेंसेक्स और निफ्टी 2-2% से अधिक उछल पड़े। सेंसेक्स 1700 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी भी 23600 के पार चला गया। ब्रोडर लेवल पर भी शानदार रौनक दिखी और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 ढाई फीसदी उछल पड़े। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो सेंसेक्स (Sensex) आज 1695.40 प्वाइंट्स यानी 2.30% के उछाल के साथ 75,527.95 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 461.30 प्वाइंट्स यानी 1.99% की बढ़त के साथ 23,622.90 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स आज 1775.47 प्वाइंट्स उछलकर 75,608.02 और निफ्टी 483.75 प्वाइंट्स चढ़कर 23,645.35 तक पहुंच गया था।
Share Market Rally: ये है वजह
अमेरिका-ईरान के बीच सुलह की उम्मीद
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस वीकेंड तक ईरान के साथ शांति समझौता होने की बात कही जिससे होर्मुज स्ट्रेट फिर से खुल सकता है। इससे दुनिया भर के बाजारों में रौनक लौटी। ईरान ने समझौते की बात मानी तो मार्केट में रौनक और बढ़ गई।
अमेरिका और ईरान के बीच सुलह की रिपोर्ट्स पर वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड फिसलकर प्रति बैरल $89 के नीचे आ गया। फिलहाल यह 3% से अधिक की गिरावट के साथ प्रति बैरल $88 के नीचे आ गया है।
घरेलू मार्केट को आज रुपये की मजबूती से भी सपोर्ट मिला। अमेरिका और ईरान के साथ जल्द डील की संभावना पर शुरुआती कारोबार में एक अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे की मजबूती के साथ ₹95.37 पर खुला।
जियोपॉलिटिकल टेंशन में नरमी की उम्मीद पर दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4% से अधिक तो जापान का निक्केई ढाई फीसदी से अधिक मजबूत हो गया। साथ ही वैश्विक मार्केट की रौनक में ताइवान का ताइवान वेटेड भी 2% से अधिक, हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग डेढ़ फीसदी से अधिक, चीन का शंघाई कंपोजिट 1% से अधिक मजबूत हुआ।
बैंकिंग शेयरों से मजबूत सपोर्ट
निफ्टी आईटी मामूली रूप से कमजोर हुआ है लेकिन इसका मार्केट पर खास असर नहीं पड़ा। पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक के निफ्टी इंडेक्सेज में ढाई-ढाई फीसदी से अधिक की बढ़त रही तो निफ्टी रियल्टी 3.53% की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी ऑटो भी करीब 2% मजबूत हुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।