Share Market: सप्ताह के पहले दिन ₹98,000 करोड़ बढ़ी निवेशकों की संपत्ति, सेंसेक्स में 318 अंकों की तेजी

Share Market Close: भारतीय शेयर बाजारों ने सप्ताह की शुरुआत तेजी के साथ की। सेंसेक्स जहां 318 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 18,400 के पास पहुंच गया। रियल्टी शेयरों में खासतौर से भारी तेजी देखने को मिली। साथ ही FMCG, टेलीकॉम, टेक, आईटी और ऑटो शेयरों के इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 98,000 करोड़ रुपये बढ़ गई

अपडेटेड May 15, 2023 पर 4:07 PM
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज घटकर 278.68 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Close: भारतीय शेयर बाजारों ने सप्ताह की शुरुआत तेजी के साथ की और दोनों प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स जहां 318 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 18,400 के पास पहुंच गया। रियल्टी शेयरों में खासतौर से आज भारी तेजी देखने को मिली। इसके अलावा एफएमसीजी, टेलीकॉम, टेक, आईटी और ऑटो शेयरों के इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर यूटिलिटी और पावर शेयरों में गिरावद देखने को मिली। ब्रॉडर मार्केट में बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स दोनों क्रमश: 0.47% और 0.49% की तेजी के साथ बंद हुए। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 98,000 करोड़ रुपये बढ़ गई।

कारोबार के अंत में, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 317.81 अंक या 0.51% फीसदी बढ़कर 62,345.71 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी (Nifty) 84.05 अंक या 0.46% फीसदी की तेजी के साथ 18,398.85 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों को 98,000 करोड़ का लाभ

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 15 मई को बढ़कर 278.60 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 12 मई को 277.70 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 98 हजार करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 98 हजार करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।


सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी

सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी टाटा मोटर्स (Tata Motors) के शेयरों में सबसे अधिक 2.94 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), आईटीसी (ITC), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) और लर्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये करीब 1.14% से लेकर 1.93% तक की तेजी के साथ बंद हुए।

यह भी पढ़ें- 21 हजार करोड़ के फंडिंग प्लान पर निगेटिव रिस्पांस, Adani Group का सिर्फ एक स्टॉक आज ग्रीन

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट

वहीं सेंसेक्स के बाकी 6 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के शेयरों में सबसे अधिक 1% की गिरावट रही। इसके बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), सन फार्मा (Sun Pharma) और नेस्ले इंडिया (Nestle India) के शेयरों के सबसे अधिक गिरावट रही और ये करीब 0.05% से लेकर 0.63% तक की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensexstock

1,937 शेयरों में रही तेजी

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,820 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,937 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,711 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 172 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।