Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार 22 नवंबर को जबरदस्त तेजी देखनी को मिली। विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले निवेशकों का जोश हाई दिखा। बीएसई सेंसेक्स जहां 1,961 अंक उछल गया। कारोबार के दौरान तो यह 2000 अंक से भी ऊपर उछल गया था। वहीं निफ्टी इंडेक्स 550 अंकों से अधिक की छलांग लगाकर 23,900 के पार चला गया। यह पिछले 5 महीने में बाजार में आई सबसे बड़ी तेजी है। इस तेजी के चलते निवेशकों की संपत्ति आज दिन भर में करीब 7.15 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। ब्रॉडर मार्केट में भी हरियाली छाई रही। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.26 फीसदी तो स्मॉलकैप इंडेक्स 0.90 फीसदी बढ़कर बंद हुए। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में रहे। सबसे अधिक तेजी आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी, मेटल और FMCG शेयरों में देखने को मिली।
