Share Market Today: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर बाजार आज 2 जून को मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 762 अंकों तक लुढ़क गया था। लेकिन बाद में इसने अपने नुकसान की भरपाई की और कारोबार के अंत में 77 अंक गिरकर बंद हुआ। निफ्टी भी शुरुआती गिरावट से उबरकर 24,700 के ऊपर बंद हुआ। हालांकि स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों की चाल इससे उलट रही। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.58 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.36 फीसदी की तेजी रही। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 1 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो, ग्लोबल टैरिफ से जुड़े तनावों के चलते आईटी और मेटल कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर रियल्टी, सर्विसेज और FMCG शेयरों में खरीदारी का माहौल रहा।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 77.26 अंक या 0.095 फीसदी की गिरावट के साथ 81,373.75 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स 34.10 अंक या 0.14 फीसदी फिसलकर 24,716.60 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों ने ₹1.05 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 2 जून को बढ़कर 445.24 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 30 मई को 444.19 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 12 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयरों में 2.14 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), पावर ग्रिड (Power Grid), इटर्नल (Eternal) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयर 0.96 फीसदी से लेकर 1.58 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं दूसरी ओर सेंसेक्स के बाकी 18 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) का शेयर 1.47 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा स्टील (Tata Steel), टाटा मोटर्स (Tata Motors), टाइटन (Titan) और एचडीफएसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में 0.69 फीसदी से लेकर 1.21% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,130 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,287 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,130 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,991 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 166 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 122 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 48 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।