Share Markets: शेयर बाजार की इन 3 वजहों से वापसी, सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 600 अंक उछला

Stock Market Recovery: भारतीय शेयर बाजारों ने आज 2 जून को कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ की थी, लेकिन दोपहर तक निवेशकों के सेंटीमेंट में सुधार हुआ और बाजार में जबरदस्त रिकवरी देखी गई। सेंसेक्स जहां सुबह के कारोबार में 762.24 अंकों की गिरावट के साथ 80,688.77 के स्तर तक फिसल गया था, वहीं बाद में इसमें 600 अंकों से ज्यादा की तेजी आई

अपडेटेड Jun 02, 2025 पर 3:32 PM
Story continues below Advertisement
Stock Market Recovery: आरबीआई की बैठक से पहले ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ गई हैं

Stock Market Recovery: भारतीय शेयर बाजारों ने आज 2 जून को कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ की थी, लेकिन दोपहर तक निवेशकों के सेंटीमेंट में सुधार हुआ और बाजार में जबरदस्त रिकवरी देखी गई। सेंसेक्स जहां सुबह के कारोबार में 762.24 अंकों की गिरावट के साथ 80,688.77 के स्तर तक फिसल गया था, वहीं बाद में इसमें 600 अंकों से ज्यादा की तेजी आई और यह 81,315.89 पर पहुंच गया। इसी तरह, निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 212.25 अंक तक लुढ़कर 24,538.45 के स्तर पर चला था, लेकिन बाद में यह गिरावट से उबरकर 24,713.50 के स्तर पर लौट आया।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार की इस तेज रिकवरी के पीछे तीन मुख्य वजहें रहीं-

1. GDP आंकड़ों ने भरोसा बढ़ाया

वित्त वर्ष 2025 की मार्च तिमाही में भारत की GDP ग्रोथ 7.4% रही। यह भले ही पिछले साल के 8.4% के आंकड़े से कम है, लेकिन यह बाजार के अनुमानों के करीब रही। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 के लिए GDP ग्रोथ 6.5% दर्ज की गई, जो पिछले साल के 9.2 प्रतिशत से कम है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन आंकड़ों से घरेलू मांग में मजबूती की झलक मिलती है, जिससे निवेशकों में भरोसा लौटा।


जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट, डॉ वी के विजयकुमार ने कहा, "GDP के ताजा आंकड़े उम्मीद से बेहतर हैं, जिससे घरेलू स्तर पर पॉजिटिव सेंटिमेंट बन रहा है।"

2. RBI से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद

RBI की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी की इसी हफ्ते 5 और 6 जून को बैठक होने वाली है। इस बैठक से पहले ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ गई हैं। लगातार तीन महीनों से खुदरा महंगाई दर (CPI) 4% के नीचे बनी हुई है, जिससे एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि RBI ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए नरम रुख अपनाएगा। मनीकंट्रोल के पोल के मुताबिक, अधिकतर अर्थशास्त्री 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की संभावना जता रहे हैं।

3. डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती

सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 85.43 पर पहुंचा। रुपये में यह मजबूती घरेलू इकोनॉमी से जुड़े मजबूत संकेतों और डॉलर की कमजोरी के चलते आई, जिससे शेयर बाजार को भी सहारा मिला।

यह भी पढ़ें- Suzlon बनाम Inox Wind: FY25 में दोनों ने मचाया धमाल, अब किस स्टॉक पर लगाएं दांव?

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।