Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार आज 27 दिसंबर को सप्ताह के आखिरी दिन तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 227 अंक बढ़ गया। वहीं निफ्टी 23,800 के पार पहुंच गया। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 38,000 करोड़ रुपये बढ़ गई। आज के कारोबार के दौरान सबसे अधिक तेजी ऑटो, फार्मा और आईटी शेयरों में देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर मेटल, ऑयल एंड गैस, पावर और रियल्टी शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। ब्रॉडर मार्केट का रुख मिलाजुला रहा। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.08 फीसदी की गिरावट के साथ, तो स्मॉलकैप इंडेक्स 0.28 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 226.59 अंक या 0.29 फीसदी की तेजी के साथ 78,699.07 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 63.20 अंक या 0.27 फीसदी की बढ़त के साथ 23,813.40 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों ने ₹38,000 करोड़ कमाए
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में 2.47 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इंडसइंड बैंक (Indusind Bank), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) के शेयर 1.32 फीसदी से लेकर 2.30 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 11 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का शेयर 1.49 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाटा स्टील (Tata Steel), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), जोमैटो (Zomato) और अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech Cement) के शेयरों में 0.72 फीसदी से 1% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,024 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,087 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,944 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,024 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 113 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 115 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 72 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।