Share Market Today: बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में तेजी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी ने मंगलवार 28 जनवरी को शानदार वापसी की। सेंसेक्स 535 अंक बढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 23,000 के पास पहुंच गया। हालांकि छोटे और मझोले शेयरों में गिरावट का सिलसिला आज भी जारी रहा। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स 0.61 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.77 फीसदी टूटकर बंद हुए। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 1.16 लाख करोड़ रुपये डूब गई। बैंकिंग और फाइनेंशियल के अलावा आज रियल्टी और ऑटो शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। हालांकि दूसरी ओर फार्मा, इंडस्ट्रियल्स, यूटिलिटी, कैपिटल गुड्स और पावर शेयरों में बिकवाली का माहौल रहा।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 535.23 अंक या 0.71 फीसदी की तेजी के साथ 75,901.41 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 128.10 अंक या 0.56 फीसदी की बढ़त के साथ 22,957.25 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹1.16 लाख करोड़ डूबे
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) के शेयरों में 4.39 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एक्सिस बैंक (Axis Bank), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve), एचडीफएसी बैंक (HDFC Bank) और टाटा मोटर्स (Tata Motors) 2.15 फीसदी से लेकर 3.82 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 11 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी सन फार्मा (Sun Pharma) का शेयर 4.47 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं लार्सन एंड टुब्रो (L&T), पावर ग्रिड (Power Grid), आईटीसी (ITC) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयरों में 1.01 फीसदी से 1.32% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,663 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,084 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,311 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,663 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 110 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 60 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 569 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।