3 सितंबर को शेयर बाजार में पहले अच्छी बढ़त और फिर तेज गिरावट देखने को मिली। वैल्यू बाइंग, बैंक शेयरों में अच्छी खरीद, विदेशी निवेशकों के पॉजिटिव रुख जैसे फैक्टर्स के दम पर दिन में सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 354.13 अंक तक उछलकर 76,924.48 के हाई तक गया था। निफ्टी भी पिछली क्लोजिंग से करीब 111 अंकों की बढ़त के साथ 24,025.40 के हाई तक गया।
लेकिन बाद में शेयर बाजार लाल निशान में आ गया। प्रॉफिट बुकिंग और IT, ऑटो, FMCG शेयरों में तगड़ी सेलिंग से सेंसेक्स 417.49 अंक टूटकर 76,152.86 पर बंद हुआ। निफ्टी 41 अंक फिसलकर 23,873.45 पर बंद हुआ। बाजार ने लगातार चौथे दिन गिरावट में क्लोजिंग की।
प्रॉफिट बुकिंग: 3 सितंबर को गैप-अप ओपनिंग के बाद मार्केट में ऊंचे लेवल पर प्रॉफिट बुकिंग देखी गई। सेंसेक्स दिन के हाई 771.62 अंक तक गिरकर 76,152.86 के लो तक गया। निफ्टी दिन के हाई से करीब 152 अंक तक टूटकर 23,873.45 के लो तक गया।
IT शेयरों में बिकवाली: NIFTY IT इंडेक्स में लगभग 1 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। टेक महिंद्रा का शेयर 1.5 प्रतिशत लुढ़का। टीसीएस में 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट दिखी। HCL टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस भी करीब 1 प्रतिशत तक नीचे आया। विप्रो, LTM, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स जैसे IT शेयरों में भी गिरावट रही।
ऑटो और FMCG शेयरों में भी तगड़ा दबाव: ऑटो और FMCG शेयरों में भी तगड़ी बिकवाली रही। भारत फोर्ज 2.5 प्रतिशत गिरा है। बजाज ऑटो 1.7 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.25 प्रतिशत लुढ़का है। संवर्धना मदरसन इंटरनेशनल, बॉश लिमिटेड में भी बड़ी गिरावट देखी गई। FMCG स्टॉक्स की बात करें तो गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स करीब 3 प्रतिशत टूटा है। वरुण बेवरेजेस में करीब 2 प्रतिशत और ITC में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट है।
एक दिन पहले कैसा रहा था बाजार
इससे पहले बाजार में लगातार तीन दिन गिरावट दिखी थी। वैश्विक बाजारों में नरमी और पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की ऊंची कीमत के कारण 2 सितंबर को सेंसेक्स 373.93 अंक या 0.49 प्रतिशत टूटा। इंडेक्स 76,570.35 पर बंद हुआ। निफ्टी 141.35 अंक या 0.59 प्रतिशत फिसलकर 23,914.45 पर बंद हुआ। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.61 प्रतिशत के नुकसान में रहा। वहीं मिडकैप सेलेक्ट 0.51 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।