Share Markets: सेंसेक्स खुलते ही 500 अंक उछला, निफ्टी भी 24,600 के पार; ये शेयर चमके

Share Market Opening: लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार आज 5 मार्च को वापसी करते दिख रहे हैं। ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत और अलग-अलग सेक्टरों में हल्की खरीदारी के चलते बाजार में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। हालांकि अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े भू-राजनीतिक जोखिम अभी भी निवेशकों की नजर में बने हुए हैं

अपडेटेड Mar 05, 2026 पर 9:57 AM
Story continues below Advertisement
Share Market Opening: शुरुआती कारोबार में फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों ने तेजी की अगुआई की

Share Market Opening: लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार आज 5 मार्च को वापसी करते दिख रहे हैं। ग्लोबल बाजारों से मजबूत संकेत और अलग-अलग सेक्टरों में हल्की खरीदारी के चलते बाजार में शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। हालांकि अमेरिका-ईरान तनाव से जुड़े भू-राजनीतिक जोखिम अभी भी निवेशकों की नजर में बने हुए हैं।

सुबह करीब 9:17 बजे बीएसई का सेंसेक्स 498 अंक यानी लगभग 0.6 प्रतिशत बढ़कर 79,614 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 सूचकांक 151 अंक चढ़कर 24,631 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार की चौड़ाई भी सकारात्मक रही, जहां 1,756 शेयरों में तेजी देखी गई, जबकि 568 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

फाइनेंशियल शेयरों में बढ़त

शुरुआती कारोबार में फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों ने तेजी की अगुआई की। श्रीराम फाइनेंस लगभग 1.76 प्रतिशत चढ़ा, बजाज फाइनेंस में करीब 1.66 प्रतिशत की तेजी देखी की गई और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) लगभग 1.55 प्रतिशत ऊपर कारोबार करता दिखा।


इसके अलावा कोल इंडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील जैसे शेयरों में भी तेजी रही। हालिया गिरावट के बाद एनर्जी और मेटल सेक्टर में निवेशकों की खरीदारी देखी गई।

कुछ शेयरों में हल्की गिरावट

बाजार की मजबूती के बीच कुछ शेयर हल्की कमजोरी में भी दिखे। मैक्स हेल्थकेयर, ICICI बैंक और इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) के शेयर शुरुआती कारोबार में मामूली गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।

अधिकतर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो अधिकतर इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी मेटल इंडेक्स 1 प्रतिशत से अधिक चढ़ा, जबकि निफ्टी ऑटो, पीएसयू बैंक, ऑयल एंड गैस और आईटी इंडेक्स में भी हल्की मजबूती देखी गई। ब्रॉडर मार्केट में भी रिकवरी दिखी। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांक लगभग 1 प्रतिशत तक ऊपर कारोबार कर रहे थे।

बाजार में अस्थिरता कम हुई

हालिया भू-राजनीतिक तनाव के कारण बाजार में बढ़ी अस्थिरता में भी कुछ कमी आई। इंडिया VIX करीब 7 प्रतिशत से अधिक गिर गया, जिससे संकेत मिलता है कि निवेशकों की जोखिम को लेकर चिंता में थोड़ी नरमी आई है।

ग्लोबल बाजारों से मिला सपोर्ट

भारतीय शेयर बाजार में यह रिकवरी ऐसे समय आई जब अमेरिकी बाजार बीती रात बढ़त के साथ बंद हुए। खबरें आईं कि ईरान ने कूटनीतिक बातचीत के लिए खुलापन दिखाया है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऑयल मार्केट को स्थिर रखने का आश्वासन दिया है।

एशियाई बाजारों में भी शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली, जिससे तीन दिनों की भारी बिकवाली के बाद निवेशकों के सेंटीमेंट में सुधार हुआ।

आगे की राह

मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि भू-राजनीतिक हालात के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। जियोजित इनवेस्टमेंट्स के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट्स वीके विजयकुमार का कहना है कि अगर ऑयल की सप्लाई ति से जुड़ी कोई बड़ी घटना होती है या कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आता है, तो बाजार पर इसका तुरंत असर पड़ सकता है।

टेक्निकल एनालिस्ट्स के मुताबिक निफ्टी के लिए 24,300 का स्तर अहम सपोर्ट माना जा रहा है, जबकि 24,600 से 24,800 के बीच का दायरा निकट अवधि में रेजिस्टेंस का काम कर सकता है।

हालांकि गुरुवार की शुरुआती तेजी के बावजूद व्यापक रुझान अभी भी दबाव में है, क्योंकि पिछले तीन दिनों में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 4 प्रतिशत तक गिर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- Stocks to Buy: चौतरफा गिरावट के बीच JP मॉर्गन ने इन 2 शेयरों पर जताया भरोसा, मिल सकता है 35% तक रिटर्न

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।