सरकारी कंपनी शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (SCI) के शेयर में 5 अक्टूबर को दिन में 9 प्रतिशत तक की शानदार तेजी दिखाई दी। शेयर की कीमत BSE पर 292 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 290.60 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 13500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। SCI के चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 2,000 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज करने की उम्मीद है। यह बात बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को कंपनी के 65वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर कही।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी अपने बेड़े में 30 जहाजों और अन्य 51 कंटेनर जहाजों को शामिल करने की योजना बना रही है। इस समय SCI के बेड़े में 58 जहाज हैं। कंपनी 51 कंटेनर जहाजों को शामिल करने के लिए CONCORD और 4 प्रमुख बंदरगाहों के साथ भी कोलैबोरेट कर रही है। मंत्री ने यह भी कहा कि SCI देश को टॉप शिपिंग नेशन बनाने में मदद करेगी।
वित्त वर्ष 2026 में कितना मुनाफा और रेवेन्यू
SCI ने वित्त वर्ष 2025-26 में स्टैंडअलोन बेसिस पर 1326.25 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 5,778.13 करोड़ रुपये रहा था। सोनोवाल के मुताबिक, इस साल पहली तिमाही यानि कि अप्रैल-जून 2026 में ही कंपनी 600 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध मुनाफा हासिल कर चुकी है। इस लिहाज से चालू वित्त वर्ष में यह 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध मुनाफा दर्ज करने जा रही है।
Shipping Corporation of India शेयर 6 महीनों में 27 प्रतिशत चढ़ा
कंपनी का शेयर 6 महीनों में 27 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 368.50 रुपये और एडजस्टेड लो 195.45 रुपये है। अपर प्राइस बैंड 320.55 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 213.75 रुपये है। सर्किट लिमिट 20 प्रतिशत है।
कंपनी में जून 2026 के आखिर तक सरकार के पास 63.75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। SCI का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,844.64 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 664.29 करोड़ रुपये रहा। इस बीच प्रति शेयर अर्निंग 14.26 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।