Jewellery Stocks on this Dhanteras: धनतेरस पर ज्वैलरी की खरीदारी बढ़ जाती है। इस दिन के लिए ज्वैलर्स पूरे साल तैयारी करते हैं क्योंकि धनतरेस को खरीदारी की परंपरा रही है। इस बार भी फेस्टिव सीजन में बिक्री में उछाल के आसार दिख रहे हैं। इसके चलते ज्वैलर्स स्टॉक टाइटन (Titan), पीसी ज्वैलर (PC Jeweller) और कल्याण ज्वैलर्स (Kalyan Jewellers) जैसे शेयरों में तेजी का रूझान दिख रहा है।
पिछले एक महीने में इनके भाव करीब 36 फीसदी तक मजबूत हुए हैं। अगर धनतेरस से धनतेरस की बात करें तो पिछले साल के धनतेरस से लेकर इस साल अब तक ज्वैलर्स स्टॉक से 250 फीसदी से अधिक रिटर्न मिल चुका है। पिछले साल धनतेरस 2 नवंबर 2021 को था और इस साल 22 अक्टूबर 2022 को है।
टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन पर दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला को भी तगड़ा भरोसा था। इसके शेयर इस साल 5 फीसदी से अधिक मजबूत हुए हैं। पिछले साल धनतेरस को यह 2453.20 रुपये के भाव पर थे और तब से लेकर अब तक यह करीब 8.52 फीसदी उछल चुका है। इसका मौजूदा भाव 2662.25 रुपये है।
कल्याण ज्वैलर्स का पिछले साल आईपीओ आया था। इसके शेयर 26 मार्च को लिस्ट हुए थे और आईपीओ निवेशकों को 87 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए थे। हालांकि पिछले साल धनतेरस को यह 77.95 रुपये के भाव पर था और अभी यह 106.95 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है यानी कि निवेशकों को एक साल में करीब 37 फीसदी रिटर्न मिला। इस साल यह 56 फीसदी से भी अधिक मजबूत हो चुका है।
पीसी ज्वैलर के शेयरों में फेस्टिव सीजन के चलते खरीदारी का शानदार रूझान दिख रहा है। एक महीने में यह 36 फीसदी से अधिक और इस साल 2022 में अब तक 275 फीसदी से अधिक मजबूत हो चुका है। पिछले साल धनतेरस को इसके शेयर 28.75 रुपये के भाव पर थे और अब तक यह 253 फीसदी से अधिक उछलकर 101.50 रुपये के भाव पर पहुंच चुका है।