शेयर बाजार में 11 मार्च को स्मॉल और मीडियम साइज एंटरप्राइजेज (SME) IPO स्टॉक्स में बिकवाली देखने को मिली। मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच द्वारा BSE SME IPO प्लेटफॉर्म पर कई फर्मों के स्टॉक में गड़बड़ी संबंधी टिप्पणी किए जाने के बाद ये शेयर 3 पर्सेंट तक गिर गए। सीएनबीसी टीवी 18 (CNBC TV18) की रिपोर्ट के मुताबिक, सेबी की चेयरमैन ने कहा है कि मार्केट रेगुलेटर SME IPO को लेकर ज्यादा डिस्क्लोजर का नियम लागू कर सकता है।
बुच ने कई SME कंपनियों के IPO में कीमतों को लेकर हुई गड़बड़ियों पर चिंता जताई। उन्होंने बाजार में और खुलेपन और निगरानी की जरूरत पर जोर दिया। शेयर बाजार में 11 मार्च को SME कैटगरी की सिर्फ 10 कंपनियों में बढ़त रही, जबकि 50 स्टॉक्स नेगेटिव जोन में थे। बेंचमार्क कंप्यूटर सॉल्यूशंस लिमिटेड, अशर्फी हॉस्पिटल लिमिटेड, हेमंत सर्जिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, टेक्नोलग्रीन सॉल्यूशंस लिमिटेड, ITCONS ई-सॉल्यूशंस लिमिटेड और सियाराम रीसाइक्लिंग इंडस्ट्रीज लिमिटेड में 8 से 15 पर्सेंट के बीच गिरावट रही।
बुच का कहना था कि ट्रेडिंग ऑपरेशंस और IPO के दौरान कीमतों में गड़बड़ी पर सेबी बारीक नजर बनाए रखता है। खास तौर पर SME IPO को लेकर मार्केट रेगुलेटर ज्यादा सतर्क रहता है। उनका यह भी कहना था कि कुछ खास परिस्थितियों में समस्या से निपटने में कई बार चौतरफा कोशिशों का अभाव दिखता है। बहरहाल, उनका यह भी कहना था कि बाजार की साख को बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी सूचनाओं के आदान-प्रदान के अलावा कई अन्य उपाय करने में भी जुटे हैं।