सॉफ्टबैक के निवेश वाली स्नैपडील ने अपने आईपीओ की मंजूरी के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी में अर्जी (DRHP)दाखिल कर दी है। गौरतलब है कि स्नैपडील अपने आईपीओ के जरिए 1250 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इस आईपीओ के लिए दाखिल किए गए DRHP के मुताबिक इसमें 3 करोड़ से ज्यादा इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल होगा जिसके तहत कंपनी के वर्तमान शेयर धारक अपनी आंशिक हिस्सेदारी बेचेंगे।
इस ऑफर फॉर सेल में सॉफ्टबैक के साथ ही 7 और शेयरहोल्डर अपनी हिस्सेदारी की आंशिक बिक्री करेंगे। इनमें Foxconn, Sequoia Capital और Ontario Teacher’s Pension Plan Board जैसे शेयरधारकों के नाम शामिल हैं। इस ऑफर फॉर सेल में समग्र रुप से कंपनी के ऑफर पूर्व इक्विटी शेयर कैपिटल का 8 फीसदी हिस्सा बेचा जाएगा।
बताते चलें कि स्नैपडील में 71 शेयरधारक है जिसमें सॉफ्टबैंक की 35.41 फीसदी की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है जबकि कंपनी के फाउंडर कुणाल बहल और रोहित बंसल दोनों की कुल हिस्सेदारी 20.28 फीसदी है। इन दोनों फाउंडर्स में से कोई भी अपनी हिस्सेदारी की कोई बिक्री नहीं कर रहा है।
इस इश्यू से मिले पैसा का इस्तेमाल कंपनी की ग्रोथ योजनाओं की जरुरतों को पूरा करने, लॉजिस्टिक्स कैपिसिटी बढ़ाने और कंपनी के टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने में किया जाएगा।
Axis Capital Ltd, BofA Securities India Ltd, CLSA India Pvt Ltd और JM Financial Ltd इस आईपीओ के बुकरनिंग लीड मैनेजर है।
गौरतलब है कि स्नैपडील भारत के छोटे शहरों और कस्बों के ग्राहकों पर फोकस करती है। इसके 86 फीसदी से ज्यादा ऑर्डर मेट्रो सिटी से बाहर के होते हैं। पिछले हफ्ते स्नैपडील के फाउंडर कुणाल बहल ने अपने ब्लॉग में कहा था कि कंपनी एक ऐसा ब्रांड है जो मेट्रो शहरों के जेहन में नहीं बसता। स्नैपडील के 70 फीसदी कस्टमर टियर 2 टाउन से आते है जो वैल्यू फॉर मनी, किफायती वस्तुओं की खरीद के लिए स्नैपडील की और रुख करते है।
उन्होंने इस ब्लॉग में आगे कहा था कि हमारे अधिकांश कस्टमर ऐसे है जिनकी आय 40,000 रुपये प्रति माह के आसपास है। इनमें से अधिकांश टियर 2 शहरों और कस्बों में रहते है। इनमें से अधिकांश परिवहन साधन के रुप में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और टू-व्हीलर का उपयोग करते है।
इस आईपीओ के लिए जारी DRHP के मुताबिक पिछले 2 तिमाहियों में स्नैपडील की नेट मर्केनडाइज्ड वैल्यू में 82.48 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है औऱ यह वित्त वर्ष 2021 के चौथी तिमाही के 205 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में 374 करोड़ रुपये पर आ गई है। बता दें कि इस आईपीओ के पहले स्नैपडील की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Unicommerce ने सॉफ्टबैंक से करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए निवेश हासिल किया है। मनीकंट्रोल ने पिछले हफ्ते इस खबर की जानकारी दी थी।