South Korea Stock Markets: एक साल में अगर शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक तीन गुना हो जाए तो आप क्या कहेंगे? दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में ऐसा हुआ है। यह एक साल में तीन गुना हो गया है। 14 मई, 2025 को दक्षिण कोरिया शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक कोस्पी 2,640 अंक पर था। 14 मई, 2026 को यह 7,981 पर पहुंच गया। दुनिया में शायद ही कभी पहले ऐसा हुआ होगा।
लोग उधार लेकर शेयरों में लगा रहे पैसे
शेयरों में निवेश का मौका कोई चूकना नहीं चाहता। लोग शेयर खरीदने के लिए उधार ले रहे हैं। ट्रेडिंग वॉल्यूम ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया है। बाजार में एक दिन में 5 फीसदी या इससे ज्यादा का उतार-चढ़ाव आम बात हो गई है। लेकिन, इसका लोगों पर कोई असर नहीं दिख रहा।
डीमैट अकाउंट खोलने की रफ्तार 10 गुनी हुई
दक्षिण कोरिया में ऑफिस, घर, पार्टीज हर जगह शेयरों की कीमतों में आई तेजी की चर्चा हो रही है। कई लोग तो अपने बच्चों तक के लिए शेयर खरीद रहे हैं। शेयरों में निवेश की इस होड़ में कोई पीछे नहीं छूटना चाहता। टॉस सिक्योरिटीज के डेटा के मुताबिक, मार्च तिमाही में 18 साल से कम उम्र के लोगों के नए डीमैट अकाउंट की संख्या एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 10 गुनी रही।
मार्केट्स पर यूट्यूब वीडियो बनाने वालों की चांदी
शेयर बाजार पर यूट्यूब वीडियो बनाने वालों की चांदी हो गई है। सियोल के रहने वाले 37 साल के वीडियो प्रोड्यूसर जांग इवनजुंग के चैनल को कुछ समय पहले मुट्ठीभर लोग देखते थे। अब उनके चैनल के सब्सक्राइबर्स की संख्या बढ़कर 13 लाख हो गई है। यह शेयर बाजार में आए तेजी का कमाल है। उन्होंने कहा, "रिटेल इनवेस्टर्स में शेयरों को लेकर एक तरह से पागलपन की स्थिति है। क्या बाजार में ऐसी तेजी दोबारा देखने को मिलेगी।"
बाजार की तेजी में एआई कंपनियों का बड़ा हाथ
शेयर बाजार में आई इस तेजी में आर्टफिशियिल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों का बड़ा हाथ है। शेयरों में आई तेजी की वजह से लंबे समय तक सुस्त रहने वाला बाजार अचानक सुर्खियों में आ गया है। एनालिस्ट्स इस तेजी के पीछे Samsung Electronics और SK Hynix जैसी कंपनियों के प्रॉफिट में आए उछाल की दलील दे रहे हैं। लेकिन, ऐसी दलीलों को कुछ लोग संदेह की नजर से देख रहे हैं।
दुनिया के किसी बाजार में ऐसी तेजी नहीं देखी गई
एनालिस्ट्स का कहना है कि दुनिया में पहले कभी किसी बाजार में ऐसी तेजी नहीं देखी गई है। कुछ का कहना है कि इस तेजी के पीछे बाजार में लगा उधार का पैसा है। लेकिन, इस अंधाधुंध तेजी ने दक्षिण कोरिया के बाजार को दूसरे उभरते बाजारों से काफी आगे पहुंचा दिया है।
सैमसंग एशिया की दूसरी सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनी बनी
दक्षिण कोरिया दुनिया का 7वां सबसे बड़ा शेयर बाजार बन गया है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4.6 ट्रिलियन (लाख करोड़) डॉलर हो गया है। Samsung की मार्केट कैपिटलाइजेशन 1 ट्रिलियन डॉलर के पार हो गई है। यह एशिया की दूसरी सबसे ज्यादा वैल्यूएशन वाली कंपनी हो गई है।