Speciality Restaurants Share Price: स्पेशलिटी रेस्टोरेंट्स के शेयरों में आज 11 फीसदी की दमदार रैली देखने को मिल रही है। इस समय यह स्टॉक 278.50 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड कर रहा है। पिछले दो दिनों यह शेयर 16 फीसदी मजबूत हो चुका है। कल यानी 18 जनवरी को कंपनी की एक्स्ट्रा-ऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) होने वाली है, जिसके पहले स्टॉक में यह तेजी देखने को मिल रही है। इस मीटिंग में नॉन-प्रमोटर्स को प्रिफरेंशियल इश्यू के माध्यम से धन जुटाने के लिए शेयरहोल्डर की मंजूरी लेने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
पिछले एक महीने में इस स्टॉक में 21 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। जबकि इस दौरान S&P BSE सेंसेक्स में 1.4 फीसदी की गिरावट आई है। इतना ही नहीं, पिछले 6 महीने में इस शेयर ने अपने निवेशकों को 84 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी लेने के लिए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 18 जनवरी, 2023 को ईजीएम बैठक होने वाली है। स्पेशलिटी रेस्टोरेंट्स ने Nexpact, Ekta Halwasiya और AG Dynamic Funds में से प्रत्येक को 10 लाख वारंट और JE Impex DMCC और वरुण अग्रवाल को 5 लाख वारंट आवंटित करने का प्रस्ताव दिया है।
स्पेशलिटी रेस्टोरेंट 25 से अधिक वर्षों से अपनी सर्विस दे रही है। कंपनी का रेस्टोरेंट्स और मिठाइयों का कारोबार है और इसका बिजनेस पूरे भारत, कतर, यूएई और यूनाइटेड किंगडम में फैला हुआ है। 30 सितंबर 2022 तक कंपनी के भारत के 14 शहरों में 83 रेस्टोरेंट और 38 कन्फेक्शनरी स्टोर हैं। इसके अलावा, कंपनी के पास संयुक्त अरब अमीरात में 2 'एशिया किचन बाय मेनलैंड चाइना' रेस्टोरेंट और दोहा, कतर में 1 'रियासत' रेस्टोरेंट है। इसके साथ ही, कंपनी एक ज्वाइंट वेंचर के तहत लंदन में 'चौरंगी' ब्रांड नाम से 1 रेस्तरां भी संचालित करती है।
इस बीच, वित्तीय वर्ष 2022-23 (H1FY23) की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर) में स्पेशलिटी रेस्टोरेंट के प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स में सालाना आधार पर 549 फीसदी का उछाल आया है और यह 25.71 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वहीं कंपनी का रेवेन्यू 102 फीसदी की बढ़त के साथ 195.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।