SpiceJet Share Price: स्पाइसजेट के शेयर 16 अप्रैल को रॉकेट बन गए। शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद स्पाइसजेट के शेयरों में बड़ी तेजी आई। इसके बाद इसमें अपर सर्किट लग गया। 5 फीसदी उछाल के बाद 14.14 रुपये पर पहुंचने पर शेयर में अपर सर्किट लग गया। बीते लगातार 9 कारोबारी सत्रों में यह शेयर करीब 42.4 फीसदी चढ़ा है।
बीते 6 कारोबारी सत्रों में से 5 में अपर सर्किट
बीते छह कारोबारी सत्रों में से 5 में इस स्टॉक में अपर सर्किट लगा है। 13 अप्रैल को कारोबार के दौरान शेयर में अपर सर्किट लगा था। हालांकि, कारोबार के अंत में शेयर 4.6 फीसदी चढ़कर बंद हुआ था। खास बात यह है कि स्पाइसजेट के शेयरों में तेजी तब देखने को मिली है, जब एयरलाइंस इंडस्ट्री मुश्किल दौर से गुजर रही है। पिछले हफ्ते यूनाइडेट किंग्डम के एक कोर्ट ने स्पाइसजेट को करीब 80 लाख डॉलर (करीब 70 करोड़ रुपये) एयरक्राफ्ट इंजन लेसर (Lessor) सनबर्ड फ्रांस 02 एसएएस को चुकाने को कहा। यह लीज रेंटल और मेंटेनेंस का बकाया पैसा है।
यूके कोर्ट के फैसले से एयरलाइंस पर बढ़ेगा दबाव
SpiceJet ने जनवरी 2022 से लीज रेंट नहीं चुकाया है। उसने नवंबर 2020 से मेंटेनेंस का पैसे का भी पेमेंट नहीं किया है। यूके कोर्ट के फैसले के बाद उम्मीद है कि लेजर्स उसे लागू कराने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट जा सकते हैं। इससे स्पाइसजेट पर वित्तीय दबाव बढ़ेगा। स्पाइसजेट की वित्तीय स्थिति पहले से ठीक नहीं है। ऑडिटर्स लगातार नुकसान की वजह से कंपनी का ऑपरेशन को लेकर चिंता जता चुके हैं। एयरलाइंस की लायबिलिटी और एसेट्स के बीच भी मिसमैच है।
बीते एक साल में यह शेयर 70 फीसदी फिसला है
शेयरों में तेजी के बावजूद लंबी अवधि में स्पाइसजेट के शेयर का आउटलुक कमजोर बना हुआ है। बीते एक साल में यह शेयर 70.7 फीसदी गिरा है। एयरलाइंस इंडस्ट्री के लिए फिलहाल कई चैलेंजेज हैं। मध्यपूर्व में लड़ाई की वजह से क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ी हैं। इसका असर एटीएफ की कीमतों पर पड़ा है। उधर, एयरलाइंस कंपनियों को कई रूटों पर अपने ऑपरेशन कैंसल करने पड़े हैं, जिसका असर उनके रेवेन्यू पर पड़ा है।
16 अप्रैल को मजबूत शुरुआत के बाद फिसले बाजार
16 अप्रैल को शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। सुबह में बाजार मजबूती के साथ खुले। प्रमुख सूचकांकों निफ्टी और सेंसेक्स में अच्छी तेजी दिखी। लेकिन, 12 बजे तक सूचकांकों ने अपनी बढ़त गंवा दी। 12:21 बजे निफ्टी 51 प्वाइंट्स गिरकर 24,180 अंक पर चल रहा था। सेंसेक्स 221 प्वाइंट्स गिरकर 77,878 प्वाइंट्स पर चल रहा था।