स्टील पर सेफगार्ड ड्यूटी से इंडियन स्टील कंपनियों को कितना फायदा होगा?

इंडियन कंपनियों को स्टील के सस्ते आयात के असर से बचाने के लिए डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज ने कुछ खास स्टील प्रोडक्ट्स पर 12 फीसदी सेफगार्ड ड्यूटी लगाने की सिफारिश की है। मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंस के एप्रूवल के बाद यह ड्यूटी लागू हो जाएगी

अपडेटेड Mar 19, 2025 पर 5:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सेफगार्ड ड्यूटी लगाने से आयातित प्रोडक्ट्स की कीमतें घरेलू मार्केट में बढ़ जाती हैं।

डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमेडीज (डीजीटीआर) ने कुछ खास स्टील प्रोडक्ट्स पर 12 फीसदी सेफगार्ड ड्यूटी लगाने की सिफारिश की है। यह ड्यूटी 200 दिनों तक लागू रहेगी। इसका मकसद इंडियन कंपनियों को स्टील के सस्ते आयात के असर से बचाना है। मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंस के एप्रूवल के बाद यह ड्यूटी लागू हो जाएगी। सवाल है कि इस ड्यूटी से इंडियन स्टील कंपनियों को कितना फायदा होगा?

सस्ते आयात का मुकाबला कर सकेंगी घरेलू कंपनियां

स्टील सेक्टर की जानकारी रखने वाले एनालिस्ट्स का कहना है कि फ्लैट स्टील प्रोडक्ट्स पर सेफगार्ड ड्यूटी लगाने से इंडियन स्टील कंपनियों को फायदा होगा। इनमें JSW Steel, Tata Steel और SAIL जैसी कंपनियां शामिल हैं। आनंदराठी इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज में मेटल और माइनिंग के लीड एनालिस्ट पार्थिव जे ने बताया कि इस ड्यूटी से घरेलू स्टील कंपनियों को चीन और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से जुड़े देशों की स्टील कंपनियों के प्रोडक्ट्स का मुकाबला करने में मदद मिलेगी।


स्टील की कीमतें 2,000-2,500 रुपये तक बढ़ सकती हैं

सेफगार्ड ड्यूटी लगाने से आयातित प्रोडक्ट्स की कीमतें घरेलू मार्केट में बढ़ जाती हैं। इसका असर उनकी डिमांड पर पड़ता है। पार्थिव ने कहा, "डीजीटीआर ने 12 फीसदी सेफगार्ड ड्यूटी लगाने की सिफारिश की है। इसका मतलब है कि शॉर्ट टर्म में आयातित स्टील की कीमतें करीब 2,000-2,500 रुपये बढ़ जाएगी। यह देखा गया है कि इस ड्यूटी से कीमतें 10-15 फीसदी तक बढ़ जाती हैं।"

इंडियन स्टील कंपनियों का बढ़ सकता है मुनाफा

एनालिस्ट्स का मानना है कि स्टील की ऊंची कीमतों, आयरन ओर की कॉस्ट में स्थिरता और कोयले पर कम खर्च से घरेलू स्टील कंपनियों का मुनाफा बढ़ सकता है। इन कंपनियों का प्रति टन EBITDA अगली कुछ तिमाहियों में करीब 10 फीसदी तक बढ़ सकता है। सेफगार्ड ड्यूटी का सबसे ज्यादा फायदा टाटा स्टील को होगा। इसकी वजह यह है कि टाटा स्टील के उत्पादन में फ्लैट प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी 76 फीसदी है। जेएसडब्ल्यू के मामले में यह 71 फीसदी और सेल के मामले में 60 फीसदी है।

चीन उत्पादन घटाने पर कर रहा विचार

एचएफसी सिक्योरिटीज में इंस्टीट्यूशनल रिसर्च एनालिस्ट राजेश रवि ने कहा कि अगर फ्लैट स्टील प्रोडक्ट्स पर 12 फीसदी की सेफगार्ड ड्यूटी लागू होती है तो इससे स्टील की कीमतों में स्थिरता आ सकती है। चीन स्टील का प्रोडक्शन घटाने पर विचार कर रहा है। इसके साथ अगर सेफगार्ड ड्यूटी लागू हो जाती है तो स्टील की कीमतों में इजाफा देखने को मिल सकता है। यह इंडियन स्टील कंपनियों के लिए अच्छी खबर होगी।

इन कंपनियों के स्टॉक्स में जारी रह सकती है तेजी

सेफगार्ड ड्यूटी की सिफारिश से 19 मार्च को इंडियन स्टील कंपनियों के शेयरों में उछाल आया। एनालिस्ट्स का मानना है कि अगर यह ड्यूटी लागू होती है तो जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, सेल और जिंदल स्टील एंड पावर के शेयरों में तेजी जारी रह सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।