Steel Stocks: टाटा स्टील, JSW और जिंदल स्टील के शेयर 5% तक उछले, सरकार के फैसले का बड़ा असर

Steel Stocks: स्टील कंपनियों के शेयरों में आज 31 दिंसबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। JSW स्टील, टाटा स्टील और जिंदल स्टील जैसी कंपनियों के शेयरों कारोबार के दौरान 2 से 5 फीसदी तक उछल गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि सरकार ने चुनिंदा स्टील आयात पर तीन साल के लिए 12 फीसदी तक की सेफगार्ड ड्यूटी लगाने का ऐलान किया है

अपडेटेड Dec 31, 2025 पर 10:32 AM
Story continues below Advertisement
Steel Stocks: JSW स्टील के शेयर करीब 4.8 फीसदी उछलकर 1,164.7 रुपये पर ट्रेड करते दिखे

Steel stocks: स्टील कंपनियों के शेयरों में आज 31 दिंसबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। JSW स्टील, टाटा स्टील और जिंदल स्टील जैसी कंपनियों के शेयरों कारोबार के दौरान 2 से 5 फीसदी तक उछल गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि सरकार ने चुनिंदा स्टील आयात पर तीन साल के लिए 12 फीसदी तक की सेफगार्ड ड्यूटी लगाने का ऐलान किया है। इससे भारत की स्टील कंपनियों को लेकर निवेशकों का सेंटीमेंट बेहतर हुआ।

शुरुआती कारोबार में टाटा स्टील के शेयर 2.2 फीसदी बढ़कर 179.7 रुपये पर पहुंच गए। वहीं JSW स्टील में करीब 4.8 फीसदी की तेजी दिखी और यह 1,164.7 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। जिंदल स्टील के शेयर भी 3.6 फीसदी उछलकर 1,057.8 रुपये पर पहुंच गए। इस सेक्टर की दूसरी कंपनियों में Jindal Stainless के शेयर 2.8 फीसदी चढ़कर 859.7 रुपये पर पहुंच गए। वहीं NMDC का शेयर भी मामूली बढ़त के साथ 83.7 रुपये पर कारोबार करते नजर आए।

स्टील शेयरों के लिए अच्छा रहा 2025

यह तेजी ऐसे समय आई है जब ज्यादातर स्टील शेयर पहले ही इस साल अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। 2025 में अब तक टाटा स्टील और NMDC के शेयर क्रमशः करीब 28.5 फीसदी और 26.5 फीसदी चढ़ चुके हैं। JSW स्टील में भी करीब 22.6 फीसदी और जिंदल स्टेनलेस में लगभग 18.8 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। जिंदल स्टील के शेयर भी इस साल अब तक करीब 8.8 फीसदी ऊपर हैं।


सरकार के फैसले के मुताबिक, नॉन-अलॉय और अलॉय फ्लैट स्टील उत्पादों के आयात पर पहले साल 12 फीसदी, दूसरे साल 11.5 फीसदी और तीसरे साल 11 फीसदी की सेफगार्ड ड्यूटी लागू की जाएगी। यह ड्यूटी मुख्य रूप से चीन, वियतनाम और नेपाल से होने वाले आयात पर लागू होगी। हालांकि, स्टेनलेस स्टील जैसे स्पेशियलिटी स्टील उत्पादों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।

क्यों लगाई गई सेफगार्ड ड्यूटी?

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि हाल के समय में सस्ते और कम गुणवत्ता वाले स्टील के इंपोर्ट यानी आयात में तेजी आई है। इससे घरेलू इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ ट्रेड रेमीडीज ने अपनी जांच में पाया कि आयात में तेज बढ़ोतरी से देश की स्टील इंडस्ट्री को नुकसान हो रहा है और आगे भी इसका खतरा बना हुआ है। इसी के चलते मल्टी-ईयर सेफगार्ड ड्यूटी लगाने का फैसला लिया गया।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस टैरिफ सुरक्षा से घरेलू स्टील कंपनियों को कीमतों पर बेहतर नियंत्रण मिलेगा और सस्ते आयात से मिलने वाली प्रतिस्पर्धा कम होगी। खासकर फ्लैट स्टील सेगमेंट में, जो बड़ी कंपनियों के कारोबार का अहम हिस्सा है, मार्जिन और रियलाइजेशन में सुधार की उम्मीद की जा रही है। नीति के लागू होते ही सेक्टर को लेकर पॉजिटिव माहौल बना है और यही वजह है कि स्टील शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी एक बार फिर बढ़ती दिख रही है।

यह भी पढ़ें- Midcap Losers: 2025 में इन 10 मिडकैप शेयरों ने डुबोया निवेशकों का पैसा, लिस्ट में IREDA भी शामिल

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।