Sterlite Technologies Share: ब्रॉडबैंड टेक्नोलॉजी कंपनी Sterlite Technologies Ltd (STL) ने ₹3,000 करोड़ के बड़े कैपेक्स प्लान को मंजूरी दे दी है। कंपनी इस पैसे से अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाएगी। इसके बाद उसकी क्षमता करीब 50% बढ़ जाएगी। नई क्षमता FY29 के अंत तक जुड़ने की उम्मीद है।
कंपनी का कहना है कि ऑप्टिकल फाइबर केबल और कनेक्टिविटी बिजनेस की ग्लोबल मांग बढ़ रही है। इसी को देखते हुए विस्तार का फैसला लिया गया है।
70% क्षमता का हो रहा इस्तेमाल
अभी कंपनी की मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का करीब 70% इस्तेमाल हो रहा है। STL ने अपनी कुल उत्पादन क्षमता का आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है।
कंपनी ने कहा कि यह जानकारी कमर्शियल और प्रतिस्पर्धा के लिहाज से संवेदनशील है। ₹3,000 करोड़ का निवेश आंतरिक स्रोतों और जरूरत पड़ने पर कर्ज से किया जाएगा।
जून तिमाही में रिकॉर्ड कमाई
FY27 की पहली तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा। नेट प्रॉफिट करीब 20 गुना बढ़कर ₹197 करोड़ पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने ₹10 करोड़ का मुनाफा कमाया था।
Sterlite Tech का रेवेन्यू 87% बढ़कर रिकॉर्ड ₹1,910 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹1,019 करोड़ था। EBITDA करीब 184% बढ़कर रिकॉर्ड ₹397 करोड़ पहुंच गया।
EBITDA मार्जिन भी 13.7% से बढ़कर 20.8% हो गया। यह पिछले करीब 20 तिमाहियों का सबसे ऊंचा स्तर है।
₹18,618 करोड़ की ऑर्डर बुक
कंपनी की ऑर्डर बुक भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। जून तिमाही के अंत में STL के पास ₹18,618 करोड़ के ऑर्डर थे।
इस दौरान कंपनी ने ₹1,500 करोड़ का QIP भी पूरा किया। कंपनी के मुताबिक, फंड जुटाने के बाद वह नेट डेट-फ्री हो गई है। अब उसके पास आगे की ग्रोथ के लिए ज्यादा वित्तीय ताकत है।
AI डेटा सेंटर के लिए बड़ा ऑर्डर
Sterlite Tech को AI डेटा सेंटर्स के लिए एक बड़ा ऑर्डर भी मिला है। STL को ऑप्टिकल कनेक्टिविटी प्रोडक्ट्स सप्लाई करने का कई साल का कॉन्ट्रैक्ट मिला है।
इस कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू $1.11 अरब से ज्यादा है। भारतीय रुपये में यह रकम ₹10,000 करोड़ से अधिक है।
BSE पर गुरुवार को Sterlite Technologies का शेयर मामूली तेजी के साथ ₹714.45 पर बंद हुआ। शेयर 0.084% चढ़ा। इसने पिछले 6 महीने में 327% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में इसने 555% रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।