Sterlite Tech पर नुवामा बुलिश, शेयर 8% भागा; क्या है रेटिंग और टारगेट?

Sterlite Technologies Share Price: मेबैंक इनवेस्टमेंट बैंकिंग ने शेयर के लिए ₹215 और इक्विरस सिक्योरिटीज ने ₹226 का टारगेट प्राइस दिया है। दिसंबर 2025 तिमाही में स्टरलाइट टेक ने ₹17 करोड़ का नेट लॉस देखा

अपडेटेड Feb 09, 2026 पर 4:05 PM
Story continues below Advertisement
नुवामा ने कहा कि Sterlite Tech ने अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी देखी।

9 फरवरी को ऑप्टिकल और डिजिटल टेक्नोलॉजी कंपनी स्टरलाइट टेक्नोलोजिज के शेयरों में दिन में 8.4% तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर ने 52 वीक का फ्रेश हाई 143.60 रुपये टच किया। बाद में शेयर 142.85 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल ब्रोकरेज फर्म नुवामा ने इस शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई है। कंपनी की ग्रोथ की रफ्तार में सुधार और टैरिफ को लेकर टेंशन में कमी का हवाला देते हुए ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस भी ₹200 प्रति शेयर पर बरकरार रखा है।

नुवामा ने कहा कि स्टरलाइट टेक ने अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी देखी। हालांकि टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण मार्जिन पर दबाव बना रहा। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि भारतीय एक्सपोर्ट पर अमेरिका की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18% किए जाने से मार्जिन में सुधार होगा। साथ ही 25% का अतिरिक्त टैरिफ हटने से मार्जिन और बढ़ेगा।

बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच घोषित हुए अंतरिम व्यापार समझौते के तहत अमेरिका जाने वाले भारतीय सामानों पर अब रेसिप्रोकल टैरिफ की दर 18 प्रतिशत रहेगी। साथ ही अमेरिका ने रूस से तेल की खरीद को लेकर सजा के तौर पर भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत का एक्स्ट्रा टैरिफ भी हटा लिया है।


बनी रहेगी ग्रोथ की रफ्तार

नुवामा को उम्मीद है कि स्टरलाइट टेक्नोलोजिज की ग्रोथ की रफ्तार बनी रहेगी, खासकर नॉर्थ अमेरिका में। ग्रोथ को टेलीकॉम ऑपरेटर्स और हाइपरस्केलर्स की ओर से डिमांड में रिकवरी, ट्रेड को लेकर चीजें आसान होने, कंपनी की लोकल मैन्युफैक्चरिंग में पैठ और इसके डेटा सेंटर पोर्टफोलियो पर ज्यादा फोकस से सपोर्ट मिलेगा। ब्लूमबर्ग के डेटा के अनुसार, स्टरलाइट टेक को कवर करने वाले एनालिस्ट्स में से 66.7% ने ‘बाय’ की सलाह दी है। बाकी 33.3% ने ‘होल्ड’ रेटिंग दी है। मेबैंक इनवेस्टमेंट बैंकिंग ने शेयर के लिए ₹215 और इक्विरस सिक्योरिटीज ने ₹226 का टारगेट प्राइस दिया है।

Sterlite Tech शेयर एक साल में 80 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा

स्टरलाइट टेक का मार्केट कैप 7000 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर एक साल में 80 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। एक सप्ताह में कीमत लगभग 30 प्रतिशत उछली है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 44.44 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 वीक का एडजस्टेड हाई 143.95 रुपये और एडजस्टेड लो 53.90 रुपये है।

अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टरलाइट टेक ने ₹17 करोड़ का नेट लॉस देखा। एक साल पहले कंपनी को ₹24 करोड़ का नेट लॉस हुआ था। EBITDA सालाना आधार पर 16.2% बढ़कर ₹129 करोड़ हो गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह ₹111 करोड़ था। EBITDA मार्जिन पिछले साल की समान अवधि के 11.1% से 80 बेसिस पॉइंट घटकर दिसंबर 2025 तिमाही में 10.3% हो गया।

Man Industries का Q3 में मुनाफा 61% बढ़ा, शेयर में दिखा 9% तक का उछाल

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।