Stock Crash: जेनसॉल इंजीनियरिंग के शेयरों में आज लगातार दूसरे दिन बिकवाली का तगड़ा दबाव दिखा और टूटकर यह लोअर सर्किट पर आ गया। यह स्टॉक निवेशकों के लिए बुरा चुनाव साबित हुआ है क्योंकि महज 14 महीने में इसने निवेशकों की पूंजी 89 फीसदी से अधिक डुबो दी है। 14 महीने में यह 1377 रुपये के रिकॉर्ड हाई से आज यह एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर 147 रुपये पर आ गया। इसके शेयरों को रेटिंग एजेंसियों इक्रा (ICRA) और केयर (CARE) की डाउनग्रेडिंग से करारा शॉक लगा है। आज बीएसई पर यह 147.55 रुपये के लोअर सर्किट (Gensol Engineering Share Price) पर बंद हुआ है।
पिछले साल जेनसॉल इंजीनियरिंग के शेयर ₹1377.10 रुपये के भाव पर थे जो इसके लिए रिकॉर्ड हाई है। इस लेवल से यह करीब 14 महीने में यह 89.29 फीसदी फिसलकर आज 8 अप्रैल 2025 को एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर 147.55 रुपये पर आ गया।
29 कारोबारी दिनों में सिर्फ दो बार ऊपर चढ़ा Gensol Engineering
जेनसॉल इंजीनियरिंग के शेयरों में बिकवाली का इतना तेज दबाव है कि 21 फरवरी से पिछले 29 कारोबारी दिनों में यह सिर्फ दो बार ऊपर चढ़ा है। एक बार तो यह पिछले महीने 19 मार्च को उछलकर 5 फीसदी के अपर सर्किट पर पहुंचा था। दूसरी बार 3 अप्रैल को यह 3 फीसदी ऊपर चढ़ा था। इस स्टॉक के मूवमेंट पर एक्सचेंजों की अतिरिक्त निगरानी है और इसे एंहेंस्ड सर्विलांस मेजर्स (ESM) फ्रेमवर्क के पहले स्टेज में रखा गया है।
जेनसॉल के साथ क्या है दिक्कतें?
इक्रा का आरोप है कि डेट सर्विसिंग ट्रैक रिकॉर्ड को लेकर कंपनी ने जो डॉक्यूमेंटस जारी किए हैं, वह फर्जी हैं। इसने कंपनी की लिक्विडिटी की स्थिति और गवर्नेंस की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए। केयर रेटिंग्स ने भी डेट सर्विसिंग में देरी को लेकर कंपनी की रेटिंग डाउनग्रेड कर दी। वहीं इस मामले में सीएनबीसी-टीवी18 से बाचतीत में कंपनी के सीएमडी अनमोल सिंह जग्गी ने किसी भी गलत काम से इनकार किया। आरोपों की जांच के लिए उन्होंने एक स्वतंत्र समिति बनाने का ऐलान किया।
हालांकि कंपनी को यह आश्वासन देने के कुछ दिनों बाद कि प्रमोटर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाएंगे, प्रमोटर्स को खुले बाजार में अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचनी पड़ी। पिछले महीने जेनसॉल इंजीनियरिंग ने प्रमोटर कैटेगरी में प्रिफरेंशियल बेसिस पर जारी वारंट को बदलकर 4,43,934 इक्विटी शेयरों अलॉट करने की मंजूरी दी थी। ₹861 प्रति शेयर के प्रीमियम के साथ ये शेयर ₹871 प्रति शेयर पर अलॉट हुए हैं।