Stock in Focus: सरकारी रेल कंपनी को ₹862 करोड़ का ऑर्डर मिला, फोकस में रहेगा स्टॉक

Stock in Focus: एक सरकारी रेलवे कंपनी को ₹862.46 करोड़ का बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी गोमो-कोडरमा और गया-सोन नगर रेल सेक्शन में तीसरी और चौथी रेलवे लाइन से जुड़ा काम करेगी। पिछले एक साल में शेयर 39.80% टूट चुका है। क्या यह ऑर्डर स्टॉक की चाल बदल पाएगा?

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 8:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सोमवार को IRCON International का शेयर 0.13% की मामूली बढ़त के साथ 104.70 रुपये पर बंद हुआ।

Stock in Focus: सरकारी रेल कंपनी IRCON International को ईस्ट सेंट्रल रेलवे से 862.46 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी ने सोमवार, 12 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी। यह ऑर्डर रेलवे की तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण से जुड़ा है।

IRCON को इस प्रोजेक्ट के तहत रेलवे ट्रैक बिछाने और उन्हें जोड़ने का काम करना है। इसके अलावा, कंपनी ट्रैक के नीचे बिछाई जाने वाली गिट्टी और रेलवे से जुड़ी दूसरी जरूरी सामग्री की सप्लाई भी करेगी। यह काम 32.5 टन एक्सल लोड के हिसाब से होगा।

इन रूट पर होगा काम


यह प्रोजेक्ट ईस्ट सेंट्रल रेलवे के दो डिवीजन में फैला है। इसमें धनबाद डिवीजन का गोमो-कोडरमा सेक्शन और दीन दयाल उपाध्याय डिवीजन का गया-सोन नगर सेक्शन शामिल है।

इसके अलावा, गया में डिप्टी चीफ इंजीनियर (कंस्ट्रक्शन) के तहत रेलवे ट्रैक से जुड़ी अलग-अलग सामग्रियों की सप्लाई भी करनी होगी।

365 दिन में पूरा करना होगा प्रोजेक्ट

कंपनी के मुताबिक, यह ऑर्डर एक घरेलू इकाई से मिला है। इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) कॉन्ट्रैक्ट के तहत दिया गया है। IRCON को यह पूरा काम 365 दिन में पूरा करना होगा।

IRCON के शेयर का हाल

सोमवार को IRCON International का शेयर 0.13% की मामूली बढ़त के साथ 104.70 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 22.54% टूटा है। वहीं, 1 साल में इसने 39.80% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 9.85 हजार करोड़ रुपये है।

Stock to Buy: ₹196 के शेयर में 48% कमाई का मौका! मोतीलाल ओसवाल ने खरीदने की सलाह दी

IRCON का बिजनेस

IRCON International एक सरकारी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी है। यह रेलवे लाइन बिछाने, नई रेल लाइनों के निर्माण, रेलवे ट्रैक और पुल बनाने जैसे प्रोजेक्ट पर काम करती है। कंपनी रेलवे से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए जरूरी सामग्री की सप्लाई भी करती है। इसके अलावा, IRCON देश और विदेश में रेलवे, हाईवे और दूसरी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के निर्माण का काम करती है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।