Stock Market: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) और बीएसई 30 मार्च यानी आज रामनवमी के अवसर पर बंद रहेंगे। होलसेल कमोडिटी मार्केट सहित मेटल और बुलियन मार्केट भी बंद रहेगे। साथ ही फॉरेक्स और कमोडिटी फ्यूचर्स मार्केट में भी कोई ट्रेडिंग गतिविधि नहीं होगी। 29 मार्च को मंथली एफएंडओ एक्सपायरी के दिन भारतीय बाजार में वौलेटिलिटी देखने को मिली । हालांकि कारोबार के अंत में बाजार अच्छी बढ़त लेकर बंद होने में कामयाब रहा। 29 मार्च को सेंसेक्स 346.37 अंक यानी 0.60 फीसदी की बढ़त के साथ 57,960.09 के स्तर बंद हुआ जबकि निफ्टी 129 अंक यानी 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 17,080.70 के स्तर पर बंद हुआ।
कल के कारोबार में निफ्टी पर Adani Enterprises, Adani Ports, JSW Steel, Eicher Motors और HCL सबसे बड़े गेनर्स रहे। जबकि UPL, Bharti Airtel, Reliance Industries, ICICI Bank और Asian Paints सबसे बड़े लूजर्स रहे।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, एफएमसीजी, पीएसयू बैंक, कैपिटल गुड्स, रियल्टी और मेटल इंडेक्स 1-3 फीसदी तक की बढ़त लेकर बंद हुए। वहीं बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.5 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
29 मार्च को डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 16 पैसे गिरकर 82.35 के स्तर पर बंद हुआ । वहीं 28 मार्च को भारतीय रुपया 82.19 के स्तर पर बंद हुआ था।
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि तकनीकी रूप से, 17,050 की रेंज के टूटने के बाद इसमें पॉजिटिव मोमेंटम तेज हो गया। डेली चार्ट पर एक आशाजनक रिवर्सल फॉर्मेशन और लॉन्ग बुलिश कैंडल बना। ये फॉर्मेशन मौजूदा स्तरों से आगे की ओर बढ़ने का संकेत दे रहा है। श्रीकांत ने कहा कि बुल्स के लिए 17,000 के लेवल ट्रेंड डिसाइडर लेवल के तौर पर काम करेगा। इससे ऊपर इंडेक्स 17,200-17,250 तक जा सकता है। दूसरी तरफ निफ्टी के 17,000 से नीचे फिसलने पर इसका अपट्रेंड कमजोर होगा।