शेयर बाजार में इस साल हाहाकार, 2022 में अब तक 70 शेयर 25% से ज्यादा टूटे

BSE मिडकैप इंडेक्स इस साल अब तक 6% से ज्यादा टूट चुका है। वहीं BSE स्मॉलकैप इंडेक्स में 9% से ज्यादा कमजोरी आ चुकी है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स इस साल अब तक 3% टूट चुका है

अपडेटेड Feb 23, 2022 पर 9:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जनवरी 2022 में कंपनियों के नतीजे आने के बाद से बाजार में गिरावट जारी है

शेयर बाजार के लिए 2022 की शुरुआत मुश्किल भरी है। कम से कम पिछले दो महीनों में शेयर बाजार की चाल देखकर तो यही लगता है। मिडकैप और स्मॉलकैप में मल्टीबैगर शेयरों की तलाश कर रहे निवेशकों को मार्केट के भारी उतार-चढ़ाव ने बेहद हताश किया है। BSE मिडकैप और स्मॉल कैप के 1000 कंपनियों में से करीब 70 शेयर ऐसे हैं जो इस साल अब तक 25% से ज्यादा टूट चुके हैं। इन 70 में से 20 शेयर ऐसे हैं जिन्होंने इस साल अब तक निवेशकों की एक तिहाई वेल्थ उड़ा दिया है।

BSE मिडकैप इंडेक्स इस साल अब तक 6% से ज्यादा टूट चुका है। वहीं BSE स्मॉलकैप इंडेक्स में 9% से ज्यादा कमजोरी आ चुकी है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स इस साल अब तक 3% टूट चुका है।

ET के मुताबिक, रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट्स विकास जैन ने कहा कि जनवरी के दूसरे हफ्ते में नतीजों का सीजन शुरू होने के बाद से ही बाजार में करेक्शन हो रहा है। दिसंबर तिमाही में कंपनियों के नतीजे मिलेजुले रहे।


उन्होंने कहा, "नतीजों के बाद शेयरों में प्राइस करेक्शन शुरू हुआ। कमजोर नतीजे, ग्लोबल नेगेटिव न्यूज, फेड रिजर्व के इंटरेस्ट रेट बढ़ाने का फैसला करने और रूस-यूक्रेन संकट का बाजार पर नेगेटिव असर पड़ा है। इसकी वजह से हाई बीटा शेयरों में करेक्शन आया है।"

सबसे ज्यादा गिरावट किन शेयरों में आई?

इस साल अब तक सबसे ज्यादा गिरावट मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर (Metropolis Healthcare) के शेयरों में आई है। 22 फरवरी तक इसके शेयर 41% गिरकर 2031.1 रुपए पर बंद हुए थे। जबकि 31 दिसंबर 2021 को इसके शेयर 3439.55 रुपए पर बंद हुए थे।

इसके बाद दूसरे नंबर पर यारी डिजिटल इंटीग्रेटेड सर्विसेज (Yaari Digital Integrated Services) और GE पावर इंडिया शामिल है। इन दोनों शेयरों में 40-40 फीसदी की गिरावट आई है। GE Power India इस साल 39% गिरा है जबकि टाटा सॉल्यूशंस (Tata Solutions) और जुबिलेंट इंडस्ट्रीज के शेयर इस साल 38-38 फीसदी टूटे हैं।

टाटा टेलीसर्विसेज (महाराष्ट्र), महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, स्टोव क्राफ्ट, महानगर टेलीफोन निगम, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज, जेनसाल टेक और हिमतसिंगका सीड सहित कई शेयर कम से कम 35% तक गिर चुके हैं।

कुछ दूसरी कंपनियां जिन्होंने निवेशकों की कुल वेल्थ का एक तिहाई हिस्सा डूबा दिया है उनमें वीनस रेमडीज, रैमको सिस्टम्स, फ़र्स्टसोर्स सॉल्यूशंस, सुबेक्स, GE T&D India, GNA एलेक्स जैसे शेयर इस साल अब तक 33% से ज्यादा गिर चुके हैं।

Gainers & Losers: बाजार में सुस्ती कायम, आज इन शेयरों में दिखा सबसे ज्यादा एक्शन

BSE मिडकैप और स्मॉलकैप की करीब 765 कंपनियों ने निवेशकों को नेगेटिव रिटर्न देकर निराश किया है। जबकि बाकी शेयर बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहे हैं। हालांकि कुछ एनालिस्ट्स इस गिरावट की बड़ी वजह प्रॉफिट बुकिंग को मानते हैं।

ऐसा नहीं है कि इस दौरान हर शेयर में सिर्फ गिरावट ही आई है। कुछ शेयरों ने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न भी दिया है। इस साल DB रियल्टी ने 108% रिटर्न दिया है। गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन 76%, खेतान केमिकल्स 50% और शारदा क्रॉपकेम के शेयरों में 45% की तेजी आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।