शेयर बाजार में शुक्रवार, 14 अगस्त को बिकवाली का दबाव है। सेंसेक्स की ओपनिंग लाल निशान में हुई। कुछ ही देर में यह पिछले बंद भाव से 357 अंक टूटकर 77,722.93 के लो तक चला गया। इस बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2.32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा घट गया। इसी तरह निफ्टी भी गिरावट के साथ खुला और फिर पिछली क्लोजिंग से 91.55 अंक तक टूटकर 24,304.30 के लो तक गया।
गुरुवार, 13 अगस्त को शेयर मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,94,13,560.799 करोड़ रुपये रहा था। शुक्रवार को कुछ ही देर में यह घटकर 4,91,81,511.05 करोड़ रुपये हो गया। यानि कि 2,32,049.749 करोड़ रुपये की कमी।
गुरुवार को कैसा रहा था कारोबार
गुरुवार को कारोबार के अंतिम घंटे में हुई बाइंग से सेंसेक्स 113.61 अंक या 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,079.96 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 40.10 अंक या 0.16 प्रतिशत टूटकर 24,395.85 पर बंद हुआ था। निफ्टी में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखी गई। BSE मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.53 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट में 0.35 प्रतिशत का लाभ रहा।
एशियाई बाजारों में हेंग सेंग और ताइवान वेटेड में गिरावट है। वहीं कॉस्पी, निक्केई 225, SET कंपोजिट, शंघाई कंपोजिट और जकार्ता कंपोजिट बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। यूरोपीय बाजारों में गिरावट है। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
रुपया शुरुआती कारोबार में 2 पैसे मजबूत
विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर के कमजोर रुख के बीच रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 2 पैसे मजबूत होकर 95.43 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपये पर दबाव बना रहा। रुपया गुरुवार को 12 पैसे की गिरावट के साथ 95.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।