Stock Markets: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ ऐलानों के बाद भारतीय शेयर बाजार में आज 3 अप्रैल को भारी गिरावट की आशंकाएं जताई जा रही थी। लेकिन सेंसेक्स और निफ्टी ने गुरुवार को जोरदार वापसी करते हुए इन सभी आशंकाओं को गलत साबित कर दिया। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के दौरान एक समय 900 अंकों तक नीचे गिर गया था। लेकिन फिर इसमें निचले स्तर से 700 अंकों की तेज उछाल आई। निफ्टी भी 160.7 अंकों की छलांग लगाकर कारोबार के दौरान 23,306.50 के स्तर तक पहुंच गया। इसके चलते बाजार को सुबह के कारोबार में हुए नुकसान की काफी हद तक भरपाई करने में मदद मिली।
