Stock Market Rise: बाजार में लौटी हरियाली, सेंसेक्स 232 अंक चढ़ा; निवेशकों की दौलत में ₹1.30 लाख करोड़ का इजाफा

Stock Market Rise: शुक्रवार को बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीद देखी गई। बाजार को भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के संकेत, वैश्विक बाजारों की तेजी, रुपये की मजबूती जैसे फैक्टर्स से सहारा मिला। रुपया 63 पैसे चढ़कर 95.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ है

अपडेटेड May 22, 2026 पर 4:39 PM
दिन में सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 627.61 अंक तक उछलकर 75,810.97 के हाई तक गया।

शेयर बाजार में शुक्रवार, 22 मई को अच्छी तेजी रही। एक दिन गिरावट देखने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स 231.99 अंक चढ़कर 75,415.35 पर और निफ्टी 64.60 अंकों की बढ़त के साथ 23,719.30 पर बंद हुआ। बाजार को भू-राजनीतिक चिंताओं में कमी के संकेत, वैश्विक बाजारों की तेजी, रुपये की मजबूती जैसे फैक्टर्स से सहारा मिला। दिन में सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 627.61 अंक तक उछलकर 75,810.97 के हाई तक गया। इसी तरह निफ्टी लगभग 181 अंक उछलकर 23,835.65 के हाई तक गया।

मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 4,62,83,621.91 करोड़ रुपये हो गया। गुरुवार, 21 मई को मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4,61,53,456.249 करोड़ रुपये रहा था। यानि कि एक दिन में 1,30,165.661 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी।

cct


इन प्रमुख वजहों से तेजी

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने संकेत दिया है कि ईरान की स्थिति से जुड़ी कूटनीतिक बातचीत एक रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उनकी टिप्पणियों से बाजारों को अस्थायी तौर पर शांत होने में मदद मिली। भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजार भी हरे निशान में हैं। निक्केई 225 और ताइवान वेटेड 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े हैं। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी तेजी है।

भारतीय करेंसी रुपये की बात करें तो यह 63 पैसे चढ़कर 95.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ है। भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने की उम्मीद और रुपये को संभालने के लिए RBI की ओर से कदम उठाए जा सकने की खबर से घरेलू मुद्रा को थोड़ा सपोर्ट मिला है। रुपया गुरुवार को 50 पैसे की बढ़त के साथ 96.36 पर बंद हुआ था।

इसके अलावा बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीद भी एक वजह है। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स लगभग 1.5 प्रतिशत बढ़त में है। पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी 0.22 प्रतिशत की तेजी है। CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि RBI अभी करेंसी को बचाने के लिए ब्याज दरों को एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने के मूड में नहीं दिख रहा है। RBI ब्याज दरों में 'ऑफ-साइकिल' (तय समय से अलग हटकर) बढ़ोतरी पर विचार नहीं कर रहा है।

Honasa Consumer Share Price: मुनाफा 177% बढ़ने से जबरदस्त खरीद, शेयर इंट्राडे में 12% तक उछला

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।